मथुरा से 50 हजार का इनामी शातिर चोर शाहिद उर्फ कल्लू राठौर गिरफ्तार

Mathura News: उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। एसटीएफ की आगरा फील्ड इकाई ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से मथुरा के गोविंदनगर थाने से वांछित चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी मोहम्मद शाहिद उर्फ कल्लू राठौर को गिरफ्तार कर लिया है। शातिर अपराधी लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था।

जयसिंहपुरा चौराहे के पास घेराबंदी कर दबोचा

एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक राकेश के पर्यवेक्षण में फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सब-इंस्पेक्टर रजनीश चौधरी की टीम को मुखबिर से पुख्ता जानकारी मिली थी। सूचना के मुताबिक, 50 हजार का इनामी शाहिद उर्फ कल्लू राठौर मथुरा के जयसिंहपुरा चौराहे के पास देखा गया था। एसटीएफ ने बिना वक्त गंवाए स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर पथवारी मंदिर वाले रास्ते पर घेराबंदी की और सोमवार रात करीब 8:40 बजे उसे दबोच लिया। आरोपी मूल रूप से मेरठ के लिसाढ़ी स्थित फ्रेंड्स कॉलोनी का रहने वाला है।

पूछताछ के दौरान आरोपी शाहिद ने अपने काले कारनामों का कच्चा चिट्ठा खोल दिया। उसने कुबूल किया कि वह पिछले 15 सालों से मेरठ के ब्रह्मपुरी इलाके में रहकर रात के समय घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। उसने एक शातिर चोरों का गिरोह बना रखा था और अपनी ही टैक्सी का इस्तेमाल कर मेरठ, मथुरा और गाजियाबाद सहित कई जिलों में घूम-घूमकर रेकी और चोरी करता था। कुछ समय पहले मथुरा में हुई एक चोरी के दौरान उसके साथी पकड़े गए थे, जिसके बाद से वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।

दर्ज हैं कई गंभीर मुकदमे, पुलिस ने भेजा जेल

शाहिद उर्फ कल्लू का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ मेरठ के ब्रह्मपुरी थाने, गाजियाबाद के लोनी कोतवाली और मथुरा के गोविंदनगर में चोरी, आबकारी अधिनियम और गंभीर धाराओं के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। ताजा मामले में गोविंदनगर पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजने की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Also Read: रामकथा में बोले सीएम योगी, खर-दूषण का कृत्य था लैंड जिहाद, श्रीराम के आदर्श ही लव जिहाद रोकने का रास्ता

Get real time updates directly on you device, subscribe now.