मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर सिख समाज की चढ़दी कला अरदास, PM को बताया सिखों का सच्चा हितैषी
राज्यसभा सदस्य सतनाम सिंह संधू बोले – “सिखों को न्याय, सम्मान और धार्मिक आस्था से जुड़े ऐतिहासिक फैसले मोदी सरकार की देन”
Lucknow News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर केंद्री सिंह सभा समिति गुरुद्वारा आलमबाग द्वारा विशेष “चढ़दी कला अरदास” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सिख समाज के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, सफल एवं दीर्घायु जीवन तथा भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए सामूहिक अरदास की।
इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य एवं चंडीगढ़ विश्वविद्यालय के कुलपति सतनाम सिंह संधू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह 150 करोड़ भारतीयों के विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिख समुदाय के सबसे बड़े हितैषी साबित हुए हैं। कांग्रेस सरकारों के दौरान सिख समाज को लगातार नजरअंदाज किया गया, जबकि मोदी सरकार ने सिखों को न्याय और सम्मान दिलाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली, कानपुर सहित देश के कई हिस्सों में हुए सिख विरोधी दंगों के दोषियों को पिछली सरकारों ने करीब 30 वर्षों तक बचाने का काम किया, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोषियों को सजा दिलाकर सिख समाज से किया अपना वादा निभाया।
सतनाम सिंह संधू ने कहा कि नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने के लिए लाल किले से उनके प्रकाश पर्व एवं समागम मनाने की घोषणा कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिख समाज का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि करतारपुर साहिब कॉरिडोर खोलना, हेमकुंट साहिब रोपवे परियोजना, छोटे साहिबजादों की शहादत को “वीर बाल दिवस” के रूप में मनाना जैसे ऐतिहासिक निर्णय सिख समाज की वर्षों पुरानी मांगों को पूरा करने वाले कदम हैं।
उन्होंने कहा कि 4,399 दिनों का कार्यकाल पूरा कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंडित जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ते हुए देश के सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रधानमंत्रियों में नया इतिहास रचा है। सिख संगत ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री की “चढ़दी कला” और भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प की सफलता के लिए विशेष अरदास की।
केंद्री सिंह सभा समिति गुरुद्वारा आलमबाग के अध्यक्ष निर्मल सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यह विशेष अरदास आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में लखनऊ की महापौर सुषमा खरकवाल ने साहिबजादा पार्क निर्माण कार्य में पूर्ण सहयोग देने और इसे शीघ्र पूरा कराने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में एमएलसी मुकेश शर्मा, महापौर सुषमा खरकवाल, पूर्व सभासद गिरीश मिश्रा, लखविंदर पाल सिंह घई, पियूष दीवान, प्रतिपाल सिंह गोल्डी, सनी आनंद, राजेंद्र सिंह बग्गा, सेंट जोसेफ स्कूल के प्रबंधक अनिल अग्रवाल, सेंट मिराज स्कूल के प्रबंधक विनोद रात्रा, गुरदीप सिंह राठी, मोनू बख्शी, गुरदीप सिंह, दिलप्रीत सिंह सहित बड़ी संख्या में सिख संगत एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में पौधरोपण भी किया गया।
Also Read: Lucknow में अब नहीं होगी मनमानी प्लॉटिंग, LDA ने जमीन कारोबारियों पर कसा शिकंजा

