दिशा सालियान केस में नाम आने पर बोले सूरज पंचोली, मैं दिशा से कभी नहीं मिला
Sandesh Wahak Digital Desk: दिवंगत सेलिब्रिटी मैनेजर दिशा सालियान मौत मामले में लगातार आ रहे नए मोड़ों के बीच अभिनेता सूरज पंचोली ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। सोशल मीडिया पर अपना बयान जारी करते हुए उन्होंने उन सभी खबरों और अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया है जिनमें उनका नाम इस विवाद से जोड़ा जा रहा था। सूरज पंचोली ने स्पष्ट रूप से कहा कि वे अपनी जिंदगी में कभी भी न तो दिशा सालियान से मिले हैं और न ही शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे से।
जांच में सहयोग को तैयार
अपनी लंबी चुप्पी पर बात करते हुए सूरज पंचोली ने लिखा कि वे अब तक हर झूठी खबर का जवाब देना जरूरी नहीं समझते थे, लेकिन जब बार-बार नाम उछाला जाने लगा तो बोलना पड़ा। उन्होंने खुलासा किया कि इस मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी (CBI) और पुलिस लगभग 4-5 साल पहले ही उनसे पूछताछ कर उनका बयान दर्ज कर चुकी हैं। उन्होंने कहा, मेरे पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है। अगर एजेंसियां दोबारा पूछताछ करना चाहती हैं, तो मैं पूर्ण सहयोग के लिए तैयार हूं।
मीडिया ट्रायल और झूठी कहानियों पर उठाए सवाल
सूरज पंचोली ने बिना सबूत किसी का नाम घसीटने और चरित्र हनन करने की कड़ी निंदा की। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे टीवी की बहसों और सोशल मीडिया की खबरों को सच न मानें। उन्होंने लिखा, एक हेडलाइन या टीवी की बहस सबूत नहीं होती। हर नाम के पीछे एक इंसान और उसका परिवार होता है। मैं दिशा सालियान की मौत के पीछे के सच को सामने लाने के लिए निष्पक्ष CBI जांच का पुरजोर समर्थन करता हूं।
दिशा सालियान केस में फिर गरमाया सियासत और बॉलीवुड
सूरज पंचोली का यह बयान ऐसे समय में आया है जब दिशा सालियान मामले में नए सिरे से चर्चाएं तेज हो गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स और राजनीतिक बयानों में सूरज पंचोली के अलावा आदित्य ठाकरे, डिनो मोरिया और रिया चक्रवर्ती जैसे कई बड़े नामों का जिक्र किया जा रहा है। हालांकि, सूरज ने कानून और जांच एजेंसियों पर अपना पूरा भरोसा जताते हुए उम्मीद जताई है कि जल्द ही सच सामने आएगा।
Also Read: लखनऊ में महिला की सिर कूचकर हत्या, 24 घंटे में दो और चार दिन में तीसरी वारदात

