मेडिकल कॉलेज कानपुर में उत्साह और ज्ञानवर्धक माहौल के बीच क्विज का सफल आयोजन

Kanpur News: भारतीय बाल रोग अकादमी के तत्वावधान में गणेश शंकर विद्यार्थी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज, कानपुर के लेक्चर थिएटर-1 में 39वीं यूजी क्विज प्रतियोगिता का आयोजन अत्यंत उत्साहजनक माहौल में संपन्न हुआ। बाल चिकित्सा विज्ञान के प्रति एमबीबीएस छात्रों में रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतिष्ठित स्पर्धा में कुल 4 टीमों ने हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

विजुअल और रैपिड फायर ने बढ़ाया रोमांच

प्रतियोगिता को शिक्षाप्रद और प्रतिस्पर्धात्मक बनाने के लिए कुल 6 दौर (राउण्ड्स) आयोजित किए गए। इनमें क्लिनिकल ज्ञान, सामान्य प्रश्नोत्तरी, विजुअल राउंड तथा रैपिड फायर राउंड शामिल रहे। क्विज मास्टर डॉ. अनुकृति मिश्रा और स्कोरर डॉ. रितुजा वर्मा ने अपनी कुशल एवं प्रभावशाली शैली से पूरे कार्यक्रम का शानदार संचालन किया।

इस विशेष अवसर पर विभागाध्यक्ष एवं सचिव डॉ. शैलेंद्र गौतम, डॉ. एके आर्या, डॉ. यशवंत राव, डॉ. अमितेश यादव, डॉ. प्रशांत प्रियदर्शिनी और डॉ. नेहा अग्रवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान परिसर में मौजूद लगभग 200 एमबीबीएस छात्र-छात्राओं ने पूरे जोश के साथ प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

सभी प्रतिभागी टीमों के बीच अंत तक बेहद कड़ा और रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। अंकों के अंतिम आंकड़ों के आधार पर डॉ. अवंतिका सिंह और डॉ. शिवांगी चंद्रा की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। वहीं डॉ. आकृति वर्मा और महक दुबे की जोड़ी द्वितीय स्थान पर रहकर उपविजेता बनी। कार्यक्रम के समापन सत्र में विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व विशेष सम्मान प्रदान किया गया, साथ ही सभी प्रतिभागी टीमों को सहभागिता प्रमाणपत्र बांटे गए। आयोजन को सुचारू एवं सफल बनाने में बाल रोग विभाग के समस्त डॉक्टरों व टीम का योगदान सराहनीय रहा।

Also Read: iPhone 18 में हो सकते हैं बड़े बदलाव! RAM से लेकर Dynamic Island तक, जानें क्या होगा नया

Get real time updates directly on you device, subscribe now.