‘छोटे मियां और बड़े मियां दोनों को घुसपैठियों से प्यार है, CM योगी ने अखिलेश-राहुल पर साधा निशाना

UP Politics: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कानपुर नगर के बिठूर में महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर 411 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस कार्यक्रम के दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा।

योगी आदित्यनाथ ने दोनों नेताओं पर घुसपैठियों का समर्थन करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “देश में दो मियां हैं, एक बड़े और एक छोटे; दोनों मियां को घुसपैठियों से प्यार है।”

‘बांग्लादेशी घुसपैठियों को गले लगाते हैं’

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि जिन लोगों ने दंगाइयों का साथ दिया, अराजकता को बढ़ावा दिया और लोगों को अंधेरे में रखकर लूटपाट की, वे विकास कैसे कराएंगे? उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों के लिए परिवार ही पूरा प्रदेश बन गया था।

योगी ने कहा, “इस समय देश के अंदर 2 मियां हैं; एक छोटे मियां और एक बड़े मियां हैं। छोटे मियां और बड़े मियां को घुसपैठियों से बड़ा प्यार है। ये बांग्लादेशी घुसपैठियों को गले लगाते हैं और दलितों का, वंचितों का, गरीबों का, अन्नदाता किसानों का, युवाओं का ये अपमान करते हैं।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस, दोनों को उत्तर प्रदेश में लंबे समय तक शासन करने का मौका मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में किसान आत्महत्या करने को मजबूर थे, गरीब भूखे मरते थे और युवाओं को नौकरी नहीं मिलती थी। उनके मुताबिक, नौकरी देने के नाम पर युवाओं के अधिकार छीने जाते थे।

सपा के शासन को लेकर भी साधा निशाना

योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा खुद महिलाओं की सुरक्षा के लिए खतरा बनी हुई थी। उनके मुताबिक, पार्टी से जुड़े गुंडे व्यापारियों और गरीबों की जमीनों पर कब्जा करते थे और दंगाइयों को मुख्यमंत्री आवास पर सम्मानित किया जाता था।

मुख्यमंत्री ने कहा, “इन्होंने प्रदेश में जो तांडव किया था आज फिर ये लोग उधर ही ले जाना चाहते हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करता है और न्यायालय का अपमान करता है।

योगी ने आगे कहा कि विपक्ष बांग्लादेशी और पाकिस्तानी घुसपैठियों का समर्थन करता है और उत्तर प्रदेश के नागरिकों को ही घुसपैठिया बताकर अपमानित करता है। इसी मुद्दे पर अखिलेश यादव से सवाल करते हुए उन्होंने कहा, “मैं अखिलेश यादव से पूछना चाहता हूं कि आपको बांग्लादेशी घुसपैठियों से इतना प्यार क्यों है?”

मुख्यमंत्री के ये बयान महर्षि वाल्मीकि जयंती के कार्यक्रम के दौरान आए, जहां उन्होंने विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।

Also Read: फैटी लिवर बिना दवा के ठीक हो सकता है? जानें डाइट में क्या बदलें और कितना जरूरी है व्यायाम 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.