शुभेंदु अधिकारी होंगे पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री, विधायक दल की बैठक में लगी मुहर

Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक ऐतिहासिक अध्याय शुरू होने जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी के नाम पर सहमति बन गई है और वे बंगाल के अगले मुख्यमंत्री होंगे। कोलकाता के विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में चल रही बैठक में प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा। राज्य के इतिहास में यह पहली बार है जब भाजपा ने 207 सीटों के साथ प्रचंड बहुमत हासिल कर सत्ता की कमान संभाली है, वहीं सत्ताधारी टीएमसी महज 80 सीटों पर सिमट गई है।

शुभेंदु अधिकारी ने इस चुनाव में जायंट किलर की अपनी छवि को और मजबूत किया है। उन्होंने नंदीग्राम के साथ-साथ भवानीपुर सीट से भी शानदार जीत दर्ज की। भवानीपुर में उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 15 हजार से अधिक मतों के अंतर से पराजित किया। गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने नंदीग्राम की हाई-प्रोफाइल सीट पर ममता बनर्जी को मात दी थी।

प्रधानमंत्री मोदी समेत कई दिग्गज होंगे शामिल

कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शनिवार को भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और एनडीए शासित राज्यों के सभी मुख्यमंत्री कोलकाता पहुंच रहे हैं। शुक्रवार सुबह जब अमित शाह नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे, तो शुभेंदु अधिकारी ने खुद उनकी अगवानी की।

प्रशासन और पार्टी कार्यकर्ताओं ने शपथ ग्रहण की तैयारियां तेज कर दी हैं। दशकों तक चले वामपंथी और फिर टीएमसी के शासन के बाद, बंगाल में भाजपा की यह बंपर जीत भारतीय राजनीति में एक बड़े बदलाव का संकेत मानी जा रही है।

Also Read: Awarapan 2: रिलीज से पहले सबसे बड़ी डील, इमरान हाशमी की फिल्म के डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स ने तोड़े पुराने रिकॉर्ड

Get real time updates directly on you device, subscribe now.