बंगाल में सुवेंदु अधिकारी के पीए की गोली मारकर हत्या, TMC ने की CBI जांच की मांग
Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में चुनावी तपिश के बीच हिंसा का एक खौफनाक मामला सामने आया है। बुधवार की देर रात मध्यग्राम इलाके में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हमला उस वक्त हुआ जब रथ एक पार्टी कार्यक्रम से वापस लौट रहे थे। हमलावरों ने उनके सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हमले में उनके साथ मौजूद बुद्धदेव बेरा भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
हैरान करने वाली बात यह है कि इस घटना के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने कड़ा रुख अपनाते हुए इसकी निंदा की है। पार्टी ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर इस हत्याकांड की अदालत की निगरानी में CBI जांच कराने की मांग की है। TMC ने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र में राजनीतिक हत्याओं का कोई स्थान नहीं है और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। सांसद सायोनी घोष ने भी कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की अपील की है।
भाजपा ने लगाया साजिश का आरोप
दूसरी ओर, भाजपा ने इस घटना को सोची-समझी साजिश करार दिया है। बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस हार की हताशा में हिंसा का सहारा ले रही है। उन्होंने चुनाव आयोग से राज्य में शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग करते हुए कहा कि यह TMC की हिंसा वाली संस्कृति का ही हिस्सा है।
Also Read: Lucknow News: रूमी गेट के पास अब नहीं फसेगा ट्रैफिक, LDA बनाएगा भव्य पार्किंग

