विजय संकल्प सभा में बोले पीएम मोदी, मई के बाद भ्रष्टाचार का काल खत्म, भाजपा का सेवा काल शुरू

Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को मंदिरों के शहर बिष्णुपुर पहुंचे। विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने टीएमसी सरकार पर तीखा प्रहार किया और बंगाल की महिलाओं व गरीबों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

प्रधानमंत्री ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए बंगाल की बहनों के लिए बड़े वादों की झड़ी लगा दी। मातृ शक्ति भरोसा कार्ड के जरिए बंगाल की हर बहन को प्रति वर्ष 36,000 रुपये दिए जाएंगे। राज्य में भाजपा सरकार बनने पर गर्भवती महिलाओं को 21,000 रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी। संतान होने पर केंद्र सरकार की ओर से 5,000 रुपये की अतिरिक्त मदद दी जाएगी। बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए 50,000 रुपये की वित्तीय सहायता का प्रावधान किया जाएगा।

स्वास्थ्य और आवास पर मोदी की गारंटी

पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि निर्मम राज्य सरकार ने बंगाल में जनहित की योजनाओं को रोक रखा है। भाजपा सरकार बनते ही बंगाल की महिलाओं को आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। पीएम आवास योजना के अंतर्गत महिलाओं को पक्का घर बनाने के लिए 1.5 लाख रुपये तक की मदद दी जाएगी। गरीबों को मुफ्त राशन की निरंतरता सुनिश्चित की जाएगी और कोई भी बिचौलिया उनका हक नहीं छीन पाएगा।

प्रधानमंत्री ने टीएमसी पर आदिवासी विरोधी और असंवैधानिक राजनीति करने का आरोप लगाया। पीएम ने कहा कि पूरी दुनिया राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का सम्मान करती है, लेकिन टीएमसी ने उनका अपमान कर बंगाल की आदिवासी जनता को चोट पहुंचाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी घुसपैठियों को लाभ देने के लिए धर्म के आधार पर आरक्षण देकर संविधान का गला घोंट रही है। कोलकाता में टीएमसी नेताओं की बयानबाजी पर तंज कसते हुए उन्होंने इसे हार का डर बताया।

पीएम मोदी ने भ्रष्टाचारियों और सिंडिकेट चलाने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा, मैं टीएमसी के गुंडों और भ्रष्टाचारियों को आखिरी मौका देता हूँ। 29 अप्रैल से पहले थानों में सरेंडर कर दो, क्योंकि 4 मई के बाद कोई भी बच नहीं पाएगा। प्रधानमंत्री ने जनता के उमड़ते जनसैलाब को ‘निर्मम सरकार’ के प्रति रोष का प्रतीक बताया और कहा कि बंगाल अब परिवर्तन का मन बना चुका है।

Also Read: महिला आरक्षण के बहाने विपक्ष पर बरसे सीएम योगी, बोले- इंडी गठबंधन ने किया नारी शक्ति का चीरहरण

Get real time updates directly on you device, subscribe now.