रोहतास में तिलक, बनारस के ताज होटल में शादी, सामने आई आकाश दीप की वेडिंग डिटेल्स

Akash Deep Wedding: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप ने अपनी जिंदगी की नई पारी की शुरुआत की है। रविवार को बिहार के रोहतास जिले के शिवसागर प्रखंड स्थित उनके पैतृक गांव बड्डी में उनका तिलक समारोह बड़े धूमधाम से आयोजित किया गया। यह आयोजन किसी सेलिब्रिटी वेडिंग से कम नहीं था, जहां पारंपरिक रस्मों के साथ-साथ भव्य सजावट और बड़ी हस्तियों की मौजूदगी ने पूरे गांव को उत्सव में बदल दिया।

आकाश दीप के तिलक के लिए पूरे बड्डी गांव को रंगीन रोशनी और भव्य मंच से सजाया गया था। दिल्ली से आई इवेंट मैनेजमेंट और मेकअप टीम ने पूरे कार्यक्रम को एक सेलिब्रिटी इवेंट का रूप दिया। डेहरी-ऑन-सोन के मानिकपुर से लड़की पक्ष के लोग पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ तिलक लेकर पहुंचे। मंदिर और घर के प्रांगण में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रस्म पूरी की गई, जहां परिवार के बुजुर्गों ने आकाश दीप को सुखी वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।

भोजपुरी सितारों और नेताओं की मौजूदगी से बढ़ी रौनक

इस समारोह की सबसे बड़ी खासियत भोजपुरी फिल्म और संगीत जगत के कलाकारों की मौजूदगी रही। गायक गुंजन सिंह, प्रमोद प्रेमी यादव, आलोक कुमार, गोलू राजा, शिल्पी राज, शिल्पी राघवानी और अंकुश राजा जैसे कलाकारों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। वहीं राजनीतिक जगत से सासाराम सांसद मनोज कुमार, दिनारा विधायक आलोक सिंह, डेहरी विधायक सोनू सिंह और चेनारी विधायक मुरारी गौतम सहित कई नेता भी शामिल हुए।

हजारों मेहमानों के लिए पारंपरिक बिहारी व्यंजनों के साथ भव्य भोज का आयोजन किया गया। भीड़ को देखते हुए प्रशासन और निजी सुरक्षा गार्ड्स की तैनाती की गई ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

अब अंतिम चरण में शादी की रस्में

परिवार के अनुसार, 23 जून को हल्दी और मटकोर की रस्में होंगी और 24 जून को वाराणसी के होटल ताज में भव्य शादी समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें खेल और मनोरंजन जगत की बड़ी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। वहीं आकाश दीप ने कहा कि वह इस खुशी को अपने गांव और परिवार के साथ साझा करके भावुक और बेहद खुश हैं।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.