TMC को लगा चौथा झटका, इस बार राज्यसभा सांसद Koel Mallick ने दिया इस्तीफा

TMC Rajya Sabha MP Koel Mallick Resigns: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी पार्टी TMC को एक और बड़ा झटका लगा है। राज्यसभा सांसद कोयल मल्लिक ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके साथ ही हाल के दिनों में पार्टी छोड़ने वाले राज्यसभा सांसदों की संख्या बढ़ गई है, जिससे टीएमसी की अंदरूनी स्थिति को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

कोयल मल्लिक से पहले सुखेंदु शेखर रॉय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बराइक भी अपने पद से इस्तीफा दे चुके हैं। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कोयल मल्लिक ने केवल राज्यसभा सदस्यता छोड़ी है या पार्टी से भी अलग होने का फैसला किया है।

पश्चिम बंगाल की राजनीति में लगातार हो रहे घटनाक्रमों के बीच यह इस्तीफा टीएमसी के लिए एक और बड़ा झटका माना जा रहा है। हाल ही में पार्टी के कुछ लोकसभा सांसदों के बागी रुख की खबरों के बाद अब राज्यसभा में भी पार्टी की ताकत घटती दिखाई दे रही है।

अभिनेत्री से सांसद बनीं, दो महीने बाद ही इस्तीफा

बंगाली फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री Koel Mallick को इसी साल अप्रैल में तृणमूल कांग्रेस ने राज्यसभा भेजा था। संसद सदस्य के रूप में शपथ लेने के बाद उन्होंने इसे देश और जनता की सेवा का अवसर बताया था।

राजनीति में आने के बाद कोयल मल्लिक ने ममता बनर्जी के नेतृत्व पर भरोसा जताया था, लेकिन अब अचानक उनके इस्तीफे ने कई राजनीतिक अटकलों को जन्म दे दिया है। सूत्रों के मुताबिक उन्होंने कोलकाता से ईमेल के जरिए अपना इस्तीफा संसद सचिवालय को भेजा है।

कौन हैं Koel Mallick?

कोयल मालिक बंगाली सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं। उनका असली नाम रुक्मिणी मल्लिक बताया जाता है। वह दिग्गज अभिनेता Ranjit Mallick की बेटी हैं और वर्ष 2003 में फिल्म ‘नाटेर गुरु’ से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी।

इसके बाद उन्होंने बंगाली फिल्म इंडस्ट्री में कई सफल फिल्में दीं और युवाओं के बीच खास पहचान बनाई। इसी लोकप्रियता को देखते हुए टीएमसी नेतृत्व ने उन्हें राज्यसभा भेजा था।

हालांकि उनके इस्तीफे के पीछे की वजह अभी सामने नहीं आई है। पार्टी या Koel Mallick की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान भी जारी नहीं किया गया है। ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर है कि आने वाले दिनों में टीएमसी और कोयल मल्लिक इस मामले पर क्या रुख अपनाते हैं।

Also Read: UP Election 2027: कांग्रेस के साथ ही चुनाव लड़ेगी सपा, सीट शेयरिंग पर बनी सहमति

Get real time updates directly on you device, subscribe now.