हाईवे पर दर्दनाक मंजर: घायलों को बचाने जुटी भीड़ पर चढ़ी SUV, 4 की मौत

UP News: गोंडा-लखनऊ हाईवे पर बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। भलियनपुरवा के पास दो बाइकों की टक्कर के बाद घायल लोगों की मदद के लिए जुटे ग्रामीणों को एक तेज रफ्तार एसयूवी ने रौंद दिया। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

जानकारी के मुताबिक, रात करीब 10 बजे गोंडा-लखनऊ मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों की आपस में भिड़ंत हो गई थी। टक्कर के बाद दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। उनकी मदद के लिए आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को संभालने लगे। इसी दौरान लखनऊ की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार एसयूवी अनियंत्रित होकर भीड़ में घुस गई और कई लोगों को कुचल दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई लोग सड़क किनारे दूर जा गिरे। हादसे के बाद एसयूवी डिवाइडर पार करते हुए सड़क से नीचे उतर गई।

चार लोगों की मौके पर मौत

पुलिस के अनुसार, हादसे में सूर्यवंशम पूर्व निवासी गुलशन (25), भलियनपुरवा निवासी हसन मोहम्मद (40), इम्तियाज अली और तरहाटा निवासी संजय कुमार तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं विनय प्रताप सिंह, तबरेज अली, परवेज, अंशुमान और शनि गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

अस्पताल पहुंचे विधायक, बेहतर इलाज के निर्देश

हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक अजय सिंह, जिला पंचायत सदस्य विवेक सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से बातचीत कर घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

घटना की सूचना मिलते ही एएसपी पश्चिमी राधेश्याम राय समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जिसे वाहन चालक बताया जा रहा है। दुर्घटना में शामिल एसयूवी को भी कब्जे में ले लिया गया है।

पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

Also Read: Google Map ने कर दिया खेल! मुजफ्फरनगर की बजाय पहुंचा दिया शामली, छात्रों का छूटा पुलिस एग्जाम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.