UP: नाबालिग लड़कियों की तस्करी का बड़ा खुलासा, फोटो देखकर तय होती थी कीमत

UP News: उत्तर प्रदेश में नाबालिग लड़कियों की कथित तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह लड़कियों की तस्वीरें देखकर उनकी कीमत तय करता था और फिर उन्हें राजस्थान समेत अन्य राज्यों में भेजा जाता था। मामले में पुलिस ने रायबरेली की रहने वाली एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, गिरोह मुख्य रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों, नट बिरादरी से जुड़ी लड़कियों और ऐसे बच्चों को निशाना बनाता था जिनके माता-पिता नहीं हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरोह का नेटवर्क रायबरेली, लखनऊ, सुल्तानपुर, राजस्थान, बिहार और पंजाब तक फैला हुआ था।

फोटो भेजकर तय होता था सौदा

जांच में सामने आया कि गिरफ्तार महिला आरोपी लड़कियों की तस्वीरें राजस्थान में बैठे गिरोह के सदस्यों को भेजती थी। तस्वीरें पसंद आने पर सौदा तय किया जाता था। पुलिस को आशंका है कि गिरोह कई लड़कियों की खरीद-फरोख्त में शामिल रहा है। मामले में बरामद मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि लड़कियों को मुख्य रूप से शादी के नाम पर दूसरे राज्यों में भेजा जाता था। हालांकि, मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

कोटा से संचालित होता था नेटवर्क

पुलिस के मुताबिक गिरोह का संचालन राजस्थान के कोटा क्षेत्र से किया जा रहा था। जांच में सामने आया है कि गिरोह के तार कई राज्यों से जुड़े हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम राजस्थान भेजी गई है और लगातार दबिश दी जा रही है।

दो बहनों की बरामदगी के बाद खुला मामला

मामले का खुलासा तब हुआ जब मोहनलालगंज क्षेत्र की दो नाबालिग बहनों को कथित तौर पर राजस्थान ले जाया जा रहा था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। दबाव बढ़ने पर दोनों बहनों को वापस छोड़ दिया गया, जिसके बाद पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ।

पुलिस ने मामले में गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया है। वहीं फरार आरोपियों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस गिरोह से जुड़े और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।

Also Read: Prayagraj में प्रतियोगी छात्र की मौत, सुसाइड नोट में लिखा – ‘वह अब मुझसे बात नहीं करती..’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.