Lucknow News: वजीरगंज पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, मंदिर के बाहर चेन लूटने वाले 4 अंतरराज्यीय लुटेरे गिरफ्तार
Lucknow News: राजधानी की वजीरगंज पुलिस और पश्चिमी जोन की सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर श्रद्धालुओं को अपना निशाना बनाता था। पुलिस ने हनुमान मंदिर के पास से चेन स्नेचिंग करने वाले चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से लूटी गई पीली धातु की चेन, घटना में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक, स्कूटी और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
सीसीटीवी की मदद से खुला राज
बीती 28 अप्रैल की रात रकाबगंज स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन करने आए श्रद्धालु गौरव अग्रवाल से बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन छीन ली थी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी (वेस्ट) के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत करते हुए करीब 400 से 500 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से आरोपियों को ट्रैक किया। गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रेजिडेंसी के पास से चारों आरोपियों को धर दबोचा।

नशे और शौक के लिए करते थे वारदात
पकड़े गए आरोपियों की पहचान हैदर अली, मोहम्मद साहिल, शारिक अली और इमरान के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सहारनपुर के रहने वाले हैं और वर्तमान में लखनऊ के विभिन्न इलाकों में रह रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वे अपने महंगे शौक पूरा करने और नशे की लत के लिए राहगीरों व श्रद्धालुओं को निशाना बनाते थे। इन सभी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और इनके खिलाफ अलीगढ़, लखनऊ व बाराबंकी में कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
Also Read: भर्ती में न सिफारिश, न भ्रष्टाचार, सिर्फ योग्यता का सम्मान: सीएम योगी

