न IIT, न MBA… फिर भी WhatsApp के बॉस, कौन हैं 15 हजार करोड़ के मालिक कुणाल शाह
WhatsApp CEO Kunal Shah: फेसबुक और इंस्टाग्राम की पैरेंट कंपनी मेटा ने एक बड़ा फैसला लेते हुए CRED के संस्थापक कुणाल शाह को WhatsApp का नया ग्लोबल हेड नियुक्त किया है। वह विल कैथकार्ट की जगह लेंगे, जो वर्ष 2019 से इस लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म का नेतृत्व कर रहे थे। यह पहली बार है जब मेटा ने किसी भारतीय को WhatsApp की सबसे बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। इस खबर के बाद भारतीय स्टार्टअप जगत में उत्साह का माहौल है।
बिना IIT-IIM डिग्री के हासिल की बड़ी सफलता
47 वर्षीय कुणाल शाह गुजराती परिवार से संबंध रखते हैं, लेकिन उनका जन्म और पालन-पोषण मुंबई, महाराष्ट्र में हुआ। उनके पिता फार्मास्युटिकल्स के थोक व्यापार से जुड़े थे। कुणाल की पत्नी भावना शाह एक फ्रीलांस ग्राफिक डिजाइनर हैं। शिक्षा की बात करें तो उनके पास मुंबई के विल्सन कॉलेज से फिलॉसफी में बीए की डिग्री है। उन्होंने NMIMS से MBA की पढ़ाई शुरू की थी, लेकिन उसे पूरा नहीं किया। खास बात यह है कि उनके पास न IIT और न ही IIM जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं की डिग्री है, फिर भी उन्होंने वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई।
FreeCharge से शुरू हुआ कुणाल शाह का बड़ा सफर
कुणाल शाह ने वर्ष 2010 में डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म FreeCharge की शुरुआत की थी। वर्ष 2015 में Snapdeal ने लगभग 450 मिलियन डॉलर में इस कंपनी का अधिग्रहण किया। 2016 तक वह इसके फाउंडर, CEO और चेयरमैन रहे। इसके बाद उन्होंने स्टार्टअप्स में निवेश और सलाह देने का काम शुरू किया। उन्होंने Y Combinator में पार्ट-टाइम पार्टनर, IAMAI के चेयरमैन और Sequoia Capital के सलाहकार के रूप में भी काम किया।
अप्रैल 2018 में उन्होंने अपनी 10 लाख डॉलर की शुरुआती पूंजी से CRED की स्थापना की। यह प्लेटफॉर्म समय पर क्रेडिट कार्ड बिल चुकाने वाले ग्राहकों को रिवॉर्ड देता है। बाद में कंपनी ने पेमेंट, लेंडिंग, इंश्योरेंस, कॉमर्स, वेल्थ मैनेजमेंट और क्रेडिट कार्ड सेवाओं तक विस्तार किया।
हजारों करोड़ की संपत्ति और सैकड़ों स्टार्टअप्स में निवेश
कुणाल शाह भारत के सबसे सक्रिय एंजेल निवेशकों में गिने जाते हैं। उन्होंने भारत और दक्षिण-पूर्व एशिया के कई स्टार्टअप्स जैसे Go-Jek, Unacademy, Spinny, Jugnoo, Rozarpay, TVF, Rupeek और Mobile Premier League में निवेश किया है। इसके अलावा वह Syrma SGS Technology और Pine Labs जैसे संगठनों में भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभा चुके हैं। वर्ष 2026 की रिपोर्टों के अनुसार उनकी अनुमानित नेटवर्थ करीब 15,000 करोड़ रुपये है। अब WhatsApp की कमान संभालकर वह वैश्विक तकनीकी दुनिया में एक नई शुरुआत करने जा रहे हैं।

