‘रामायण’ के गानों पर मनोज मुंतशिर का तंज, बोले- काश मेरा वाला कारनामा दोहराया जाता

Manoj Muntashir: ‘रामायण’ और प्रभास की फिल्म ‘आदिपुरुष’ के गानों की तुलना के बीच गीतकार और संवाद लेखक मनोज मुंतशिर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। ‘मंगल रंग’ गाने की आलोचना को लेकर प्रकाशित एक रिपोर्ट में उनके काम का जिक्र किया गया था। इस पर नाराजगी जताते हुए मनोज ने कहा कि काश ‘रामायण’ के गीतों में भी उनके जैसा काम दोहराया जाता। उन्होंने ‘आदिपुरुष’ के खराब होने की बात स्वीकार की, लेकिन फिल्म के गानों का बचाव किया।

‘आदिपुरुष’ के गानों को चुनौती मत दीजिए: मनोज मुंतशिर

‘मंगल रंग’ गाने की आलोचना से जुड़ी एक रिपोर्ट में सवाल उठाया गया था, ‘मनोज मुंतशिर वाला कारनामा दोहराया जा रहा है?’ इस पर मनोज मुंतशिर ने सोशल मीडिया पर जवाब दिया।

उन्होंने लिखा, ‘मनोज मुंतशिर वाला कारनामा? बड़ी जाहिलों जैसी बात की है देश के स्वघोषित सर्वश्रेष्ठ न्यूज चैनल ने। मेरे भाई काश ‘रामायण’ के गीतों में मेरा वाला कारनामा दोहराया जाता।’

मनोज ने आगे कहा, ‘आदिपुरुष बहुत खराब फिल्म थी, संवाद और भी खराब थे, लेकिन गीत तो देश का बच्चा-बच्चा गाता है। कभी जाइए श्री अयोध्या पूरी, गली-गली में आदिपुरुष के ही गीत बज रहे होते हैं।’

उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि इसके लिए वह कई बार रामभक्तों से माफी मांग चुके हैं और उन्हें माफी भी मिली है। हालांकि, उन्होंने गानों का बचाव करते हुए कहा, ‘लेकिन गीतों को चैलेंज मत करिए। उनमें श्रद्धा, समर्पण और कवित्त की कोई कमी नहीं थी।’

‘न मैंने राम के लिए नर्सरी राइम्स लिखी, न कव्वालियां’

मनोज मुंतशिर ने ‘रामायण’ के गीतों पर भी टिप्पणी की। उन्होंने लिखा, ‘न मैंने राम के लिए नर्सरी राइम्स लिखी न कव्वालियां। आगे लोग समझदार हैं, जानते हैं कौन कितने पानी में है। जय श्री राम।’

उनकी इस प्रतिक्रिया के बाद ‘रामायण’ और ‘आदिपुरुष’ के गीतों को लेकर बहस तेज हो गई है। मनोज मुंतशिर ने ‘आदिपुरुष’ के संवादों की आलोचना स्वीकार की, लेकिन फिल्म के गीतों को लेकर अपनी राय पर कायम रहे।

550 करोड़ के बजट में बनी थी ‘आदिपुरुष’, नहीं निकाल पाई लागत

साल 2023 में रिलीज हुई ‘आदिपुरुष’ को समीक्षकों की कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा था। दर्शकों की प्रतिक्रिया भी फिल्म के पक्ष में नहीं रही। फिल्म में प्रभास ने भगवान राम, कृति सेनन ने सीता और सैफ अली खान ने रावण की भूमिका निभाई थी।

रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 550 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म शुरुआत में अच्छी चली, लेकिन नकारात्मक समीक्षाओं के कारण इसे नुकसान हुआ। फिल्म अपनी लागत भी नहीं निकाल पाई और 200 करोड़ रुपये से अधिक के घाटे में रही।

रणबीर कपूर की ‘रामायण’ दो हिस्सों में होगी रिलीज

निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ दो भागों में बनाई जा रही है। इसमें रणबीर कपूर भगवान राम, यश रावण और साई पल्लवी सीता की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म के पहले भाग की दुनिया भर में रिलीज 5 नवंबर को, दिवाली से ठीक पहले तय बताई गई है। वहीं, दूसरा भाग 2027 में दिवाली के आसपास रिलीज होने की उम्मीद है।

एडवांस बुकिंग में फिलहाल ‘आदिपुरुष’ से पीछे ‘रामायण’

28 अक्टूबर को शाम 5 बजे तक उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, ‘रामायण’ की एडवांस बुकिंग से 14.84 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन हुआ था। इस दौरान फिल्म के 2.83 लाख टिकट बिक चुके थे।

वहीं, Sacnilk के आंकड़ों के अनुसार, रिलीज से पहले ‘आदिपुरुष’ ने सभी भाषाओं में पैन-इंडिया एडवांस बुकिंग से करीब 26.39 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था। फिल्म के लगभग 10.74 लाख टिकट बुक हुए थे।

इन आंकड़ों के आधार पर एडवांस बुकिंग के ग्रॉस कलेक्शन में ‘रामायण’ फिलहाल ‘आदिपुरुष’ से पीछे है। हालांकि, ‘रामायण’ की रिलीज में अभी समय है, इसलिए आगे इसकी बुकिंग के आंकड़ों में बढ़ोतरी हो सकती है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.