शिवपाल के ऐलान पर योगी का पलटवार, ये लोग यूपी में फिर करवाना चाहते हैं दंगा
CM Yogi: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ कार्यक्रम में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सपा महासचिव शिवपाल यादव के उस बयान पर निशाना साधा, जिसमें सरकार बनने पर एक नेता को गृहमंत्री बनाने की बात कही गई थी। योगी ने बिना नाम लिए इसे प्रदेश में फिर से दंगा कराने की सोच से जोड़ दिया।
योगी बोले- विपक्ष की सोच शर्मनाक
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस ने मोहम्मदाबाद के नवाब की संपत्ति बचाने के लिए पूरी ताकत लगा दी, जबकि वह मुस्लिम लीग का ट्रेजरार था। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाजन और आजादी के खिलाफ रहने वाले व्यक्ति के नाम पर यूनिवर्सिटी बनाने वालों की आज सपा पैरोकारी कर रही है।
योगी ने कहा कि मुजफ्फरनगर और सहारनपुर के दंगाइयों को तत्कालीन मुख्यमंत्री आवास पर बुलाकर सम्मानित किया जाता था। उन्होंने इसे विपक्ष की शर्मनाक सोच बताते हुए जनता से ऐसे मामलों से सबक लेने की अपील की।
कांग्रेस पर विभाजन की जिम्मेदारी का आरोप
मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्ता के लालच में कांग्रेस ने 1947 में देश का विभाजन कराया। उनके मुताबिक पाकिस्तान को पंजाब और सिंध जैसे क्षेत्र भी दिए गए, जिनकी उसने मांग तक नहीं की थी।
उन्होंने बांग्लादेश में दलित हिंदुओं पर हुए हालिया अत्याचारों का जिक्र करते हुए कहा कि वोट बैंक के डर से विपक्ष चुप रहा। योगी ने कहा कि विभाजन की त्रासदी को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।
स्मार्टफोन से युवाओं को जागरूक करने की अपील
सीएम ने लोगों से देश विरोधी गतिविधियों के प्रति सजग रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, नागरिकों को भी अपना कर्तव्य निभाना होगा। योगी ने अपील की कि लोग स्मार्टफोन के जरिए नई पीढ़ी को विभाजन की त्रासदी और उसके जिम्मेदार लोगों की जानकारी दें, ताकि युवा गुमराह न हों।
Also Read: सीतापुर के हॉस्टल में आठवीं के पांच बच्चों ने छठी के मासूम से किया कुकर्म, मचा हड़कंप

