बुलंदशहर में दर्दनाक हादसा: स्कूल से लौट रही 11 साल की चारू खुले नाले में बही, 24 घंटे बाद भी सुराग नहीं!
Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। स्कूल से घर लौट रही 11 वर्षीय चारू कश्यप पानी से भरी सड़क पर खुले नाले का अंदाजा नहीं लगा सकी और तेज बहाव में बह गई। घटना के 24 घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बावजूद बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला है। NDRF, फ्लड PAC, नगर पालिका और स्थानीय गोताखोर लगातार रेस्क्यू अभियान चला रहे हैं।
मासूम के लापता होने के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि प्रशासन ने तलाशी अभियान का दायरा बढ़ाकर नाले से जुड़ी काली नदी (Kali River) तक पहुंचा दिया है।
बारिश के पानी में छिपा था खुला नाला
जानकारी के मुताबिक, नगर के मोहल्ला साठा (धर्मपाल वाली गली) निवासी रिंकू कश्यप की बेटी चारू पास के स्कूल में पढ़ती थी। मंगलवार दोपहर तेज बारिश के चलते स्कूल में समय से पहले छुट्टी कर दी गई और चारू अकेले घर के लिए निकल गई।
उस समय सड़कों पर करीब दो फीट तक पानी भरा हुआ था। घर लौटते समय एक दुकान के सामने बने खुले नाले का उसे अंदाजा नहीं लग सका और वह उसमें गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नाले में पानी का बहाव इतना तेज था कि कुछ ही सेकेंड में बच्ची आंखों से ओझल हो गई।
24 घंटे बाद भी नहीं मिला कोई सुराग
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने बड़े स्तर पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। सर्कल ऑफिसर (CO) शोभित कुमार ने बताया कि NDRF, फ्लड PAC, नगर पालिका की टीम और स्थानीय गोताखोर लगातार बच्ची की तलाश में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि बारिश के पानी के कारण नाले का खुला हिस्सा दिखाई नहीं दे रहा था, जिससे यह हादसा हुआ।
नगर पालिका अध्यक्ष दीप्ति मित्तल ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंच गई थीं और लगातार राहत एवं बचाव कार्य चलाया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बच्ची जल्द मिल जाए।
काली नदी तक बढ़ाई गई तलाश

रेस्क्यू अभियान को तेज करते हुए NDRF ने अपनी खोजी नाव काली नदी में भी उतार दी है, क्योंकि यही वह नदी है जिसमें संबंधित नाला जाकर मिलता है। प्रशासन का मानना है कि तेज बहाव के कारण बच्ची काफी दूर तक बह गई हो सकती है।
पूरे इलाके में इस घटना के बाद चिंता का माहौल है। स्थानीय लोग लगातार मौके पर मौजूद हैं और चारू के सकुशल मिलने की दुआ कर रहे हैं, जबकि परिवार की उम्मीदें हर गुजरते घंटे के साथ टूटती नजर आ रही हैं।
Also Read: UP में एक और पति की बेरहमी से हत्या, पत्नी ने दबाया मुंह, प्रेमी ने गमछे से घोंट दी सांसें

