यूपी में मूसलाधार बारिश से हुए हादसों में 15 लोगों की मौत, 48 घंटे में 117 मकान गिरे

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में बीते 48 घंटों से जारी आफत की बारिश ने पूरे प्रदेश में भारी तबाही मचाई है। आंधी और मूसलाधार वर्षा के कारण राज्य भर में कुल 117 मकान धाराशायी हो गए, जबकि दीवार ढहने और पेड़ गिरने जैसे अलग-अलग हादसों में 15 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। लखीमपुर खीरी के रहमत नगर में शनिवार तड़के मिट्टी की दीवार ढहने से सो रहे एक ही परिवार के तीन सदस्यों—मोहन कश्यप (50), उनकी पत्नी कविता (45) और 6 वर्षीय मासूम बेटे अनिल की मलबे में दबकर मौत हो गई। वहीं, अमेठी में ऊषा देवी और बाराबंकी में सुनीता देवी (38) की भी दीवार गिरने से जान चली गई।

सड़क पर अगिरा भारी-भरकम पेड़, दूध विक्रेता की मौके पर ही मौत

बाराबंकी के छेदा बाजार में दूध बेचकर बाइक से घर लौट रहे संजय वर्मा (45) के ऊपर सड़क किनारे स्थित एक विशालकाय वृक्ष गिर गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उधर, फतेहपुर जिले में करीब 10 कच्चे मकान ढह गए, जिसके मलबे में दबकर 8 साल के मासूम की जान चली गई और उसका 11 वर्षीय भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। राजधानी लखनऊ में भी पुराने शहर के ऐतिहासिक हुसैनाबाद गेट का एक हिस्सा लगातार पानी पड़ने से भरभराकर गिर गया।

यूपी में मूसलाधार बारिश से हुए हादसों में 15 लोगों की मौत

फर्रुखाबाद में गंगा एक्सप्रेसवे पर भरा पानी

राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद के अनुसार, प्रदेश के 63 जिलों में सामान्य से काफी अधिक बारिश दर्ज की गई है। बीते 24 घंटों में पूरे राज्य में औसत से 19 गुना ज्यादा वर्षा हुई है। फर्रुखाबाद में सामान्य से 200 गुना, कानपुर नगर में 160 गुना और हरदोई-कन्नौज में 130 गुना अधिक पानी बरसा है। भारी बारिश का असर इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी पड़ा है; उन्नाव के बशीरतगंज टोल प्लाजा के पास निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे जलमग्न हो गया है, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप पड़ गया है।

अयोध्या के प्रमुख मंदिरों तक जलभराव से श्रद्धालु परेशान

मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के ऊपर बना डिप्रेशन उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए प्रयागराज की ओर केंद्रित हो गया है। इसके प्रभाव से लखनऊ में शनिवार सुबह तक 21 घंटे के भीतर 125.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। अयोध्या में तेज हवाओं और मूसलाधार बौछारों से राम पथ, हनुमानगढ़ी, कनक भवन और सरयू घाट क्षेत्र में भारी जलभराव हो गया, जिससे दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

यूपी में मूसलाधार बारिश से हुए हादसों में 15 लोगों की मौत

अलर्ट वाले जिलों में स्कूल बंद रखने के आदेश

हालात की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी संबंधित जिलाधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने और राहत कार्य तेज करने के कड़े निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग द्वारा रेड अलर्ट जारी किए जाने के बाद लखनऊ, अयोध्या, गोरखपुर, सीतापुर, लखीमपुर, प्रयागराज, कानपुर, आजमगढ़ समेत 30 से अधिक संवेदनशील जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्राओं से बचें और जर्जर इमारतों तथा पेड़ों से दूरी बनाए रखें।

Also Read: मेरठ में सिपाही पर शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोप, पिस्टल दिखाकर धमकाया

Get real time updates directly on you device, subscribe now.