UP STF: 50,000 रुपये का इनामी अवैध शस्त्र सप्लायर किन सिंह खरगोन से गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: यूपी एसटीएफ ने सेमी-ऑटोमैटिक और ऑटोमैटिक अवैध शस्त्रों के निर्माण एवं अंतरराज्यीय सप्लाई में संलिप्त 50,000 रुपये के इनामी अपराधी किन सिंह को मध्य प्रदेश के खरगोन जिले से गिरफ्तार किया है।

अवैध हथियार तस्करी का बड़ा नेटवर्क

एसटीएफ द्वारा अवैध हथियारों की तस्करी रोकने के लिए खंडवा, खरगोन और बुरहानपुर जिलों में सूचना संकलन किया जा रहा था। इसी कड़ी में 24 जुलाई 2024 को लखनऊ जिले के थाना पारा क्षेत्र से दो असलहा तस्करों को 08 अवैध पिस्टल और 16 मैगजीन के साथ गिरफ्तार किया गया था। उनके विरुद्ध मुकदमा संख्या 391/2024 के तहत आयुध अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में तस्करों ने खुलासा किया कि मध्य प्रदेश के ग्राम सिगनूर, खरगोन निवासी किन सिंह अवैध शस्त्र निर्माण और सप्लाई का मुख्य संचालक है, जो देशभर में हथियारों की सप्लाई करता है। इसी के चलते 17 दिसंबर 2024 को लखनऊ पुलिस द्वारा उस पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

 

गिरफ्तारी की रणनीति और ऑपरेशन

अवैध शस्त्र तस्करी रोकने के लिए एसटीएफ की विभिन्न टीमें सक्रिय थीं। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक प्रमेश कुमार शुक्ला के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम गठित की गई। 31 जनवरी 2025 को निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार के नेतृत्व में टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि इनामी अपराधी किन सिंह खरगोन के विजय लक्ष्मी अस्पताल के बाहर किसी से मिलने आने वाला है। सूचना मिलते ही एसटीएफ टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर किन सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त का खुलासा

पूछताछ में किन सिंह ने कबूल किया कि वह कई वर्षों से अवैध शस्त्रों का निर्माण कर मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान और महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में सप्लाई कर रहा है। वह जंगलों में ठिकाने बदल-बदलकर हथियारों का निर्माण करता था। हथियार बनाने के लिए वह स्थानीय बाजारों से स्टील प्लेट, रॉड और स्क्रू जैसे कच्चे माल की खरीद करता था। उसने खुलासा किया कि सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल 10-15 हजार रुपये में और ऑटोमैटिक पिस्टल 50-60 हजार रुपये में बेचता था।

गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को थाना पारा, लखनऊ में दर्ज मुकदमे में दाखिल किया गया, जहां अग्रिम विधिक कार्यवाही जारी है। इस सफलता के लिए एसटीएफ उत्तर प्रदेश की सराहना की जा रही है।

Also Read: Bareilly News: ग्राम प्रधान की दबंगई से पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से लगाई गुहार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.