जेल से बाहर आते ही आजम खां गिरफ्तार, 15 गाड़ियों और 50 CRPF जवानों के साथ पहुंची ED
Azam Khan Arrest: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री मोहम्मद आजम खां को जेल से बाहर आते ही प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार कर लिया। रामपुर जेल के गेट पर मौजूद ईडी की टीम ने जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में उन्हें अपनी कस्टडी में ले लिया। इसके बाद टीम उन्हें लेकर गाजियाबाद रवाना हो गई।
आजम खां की रिहाई की सूचना मिलते ही ईडी की टीम शनिवार शाम रामपुर जेल पहुंच गई थी। टीम में आठ अधिकारी शामिल थे। उनके साथ करीब 50 सीआरपीएफ जवान और 15 गाड़ियां भी थीं। इतनी बड़ी संख्या में केंद्रीय बल के जवानों के पहुंचने की जानकारी मिलने पर जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह कई थानों की पुलिस के साथ जेल पहुंचे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी जेल के बाहर हालात पर नजर बनाए हुए थे।
गाड़ी में बैठने से इनकार, अधिकारियों से हुई धक्कामुक्की
आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला जैसे ही जेल से बाहर आए, ईडी ने आजम को अपनी कस्टडी में ले लिया। अधिकारियों ने अब्दुल्ला को वहां से जाने के लिए कहा और आजम खां को गाड़ी में बैठने के लिए कहा। हालांकि, आजम ने गाड़ी में बैठने से इनकार कर दिया। इस बात को लेकर उनके और ईडी अधिकारियों के बीच तकरार शुरू हो गई।
दूर खड़े समर्थकों ने यह सब देखकर नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने मोर्चा संभाला और समर्थकों को शांत कराने की कोशिश की। इस दौरान आजम खां और ईडी अधिकारियों के बीच धक्कामुक्की भी हुई।
पुलिस अधिकारियों ने भी आजम खां को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक गाड़ी में बैठने को लेकर खींचतान चलती रही। आखिरकार भारी पुलिस बल की मौजूदगी में ईडी की टीम उन्हें अपनी गाड़ी में बैठाने में सफल रही। इसके बाद टीम आजम खां को लेकर गाजियाबाद के लिए रवाना हो गई।
जमानत के बाद भी जेल से रिहाई पर बना हुआ था संशय
हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद भी आजम खां की जेल से रिहाई को लेकर स्थिति साफ नहीं थी। जमानत की खबर आने के बाद ईडी ने भी उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी तेज कर दी थी। अजीमनगर थाने में दर्ज भ्रष्टाचार से जुड़ी एफआईआर में आजम खां को रिमांड पर लेने के लिए ईडी ने अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल किया था। इस मामले में सोमवार को सुनवाई होनी है। अदालत ने आजम खां को 2 नवंबर को तलब किया था।
हालांकि, इस सुनवाई से पहले ही शनिवार शाम ईडी की टीम रामपुर जेल पहुंच गई। उस समय आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला जेल से बाहर आने वाले थे। अब आजम खां को ईडी गाजियाबाद ले गई है। बताया जा रहा है कि उन्हें वहां की अदालत में पेश किया जाएगा।

