UP News: 70 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार हुई महिला PCS अधिकारी, विजिलेंस टीम ने की कार्रवाई
Sandesh Wahak Digital Desk: मथुरा जिला पंचायत राज अधिकारी पीसीएस किरण चौधरी को लखनऊ से आई विजिलेंस टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम ने पूरी योजना के तहत कार्रवाई करते हुए उनके कार्यालय को चारों तरफ से घेर लिया और वहां मौजूद दस्तावेजों की गहन जांच की। इस दौरान कई महत्वपूर्ण फाइलें जब्त की गईं।
कैसे हुई गिरफ्तारी?
शिकायतकर्ता द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर विजिलेंस टीम ने इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी स्थित पीसीएस अधिकारी किरण चौधरी के आवास पर छापा मारा। यहां शिकायतकर्ता ने उन्हें 70,000 रुपये की रिश्वत दी, जिसे महिला अधिकारी ने जैसे ही स्वीकार किया, टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके तुरंत बाद, विजिलेंस की दूसरी टीम राजीव भवन स्थित उनके कार्यालय पहुंची और वहां भी तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान कुछ अहम दस्तावेज जब्त किए गए।
सूत्रों के अनुसार, एक ग्राम प्रधान ने महिला अधिकारी के खिलाफ रिश्वत लेने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत के आधार पर विजिलेंस विभाग की दो टीमें लखनऊ से मथुरा पहुंचीं और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया। गिरफ्तारी के बाद टीम किरण चौधरी को अपने साथ लखनऊ ले गई।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद जिला पंचायत राज कार्यालय में सन्नाटा पसरा हुआ है। अधिकारी और कर्मचारियों के बीच चर्चा का माहौल गर्म है, और सभी इस अप्रत्याशित कार्रवाई को लेकर स्तब्ध हैं। विजिलेंस विभाग अब मामले की आगे की जांच में जुटा हुआ है।
Also Read: Meerut News: भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के बाद SSP विपिन ताडा का एक्शन, चार…

