लखनऊ में दोस्त ने युवक को चाकू से गोदा, लोगों के सामने कई वार किए, अस्पताल में तोड़ा दम

Lucknow Crime News: लखनऊ के सआदतगंज इलाके में शनिवार रात दोस्ती का रिश्ता खूनी विवाद में बदल गया। अंबेडकर पार्क के पास दो दोस्तों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद एक युवक ने रेहान पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल रेहान को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना रात करीब 9:30 बजे की है।

इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें वारदात के बाद आरोपी भागता दिखाई दे रहा है, जबकि रेहान खून से लथपथ हालत में जमीन पर गिर जाता है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

पार्क के पास हुआ विवाद, गले पर किया चाकू से वार

पुलिस के मुताबिक, रामनगर निवासी रेहान शनिवार रात आजाद नगर के सी ब्लॉक स्थित अंबेडकर पार्क के पास टहलने गया था। उसके साथ गुलाब की बगिया निवासी दोस्त उजैफा भी था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि उजैफा ने रेहान के गले पर चाकू से वार किया और फिर वहां से भाग निकला।

स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस घायल रेहान को किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के ट्रॉमा सेंटर ले गई, जहां उसने दम तोड़ दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

तीन दिन पहले ही आगरा जेल से लौटा था रेहान
रेहान की पत्नी सीबा ने बताया कि वह तीन दिन पहले ही आगरा जेल से छूटकर घर लौटा था। शनिवार शाम करीब 6 बजे वह घर से निकला था। कुछ घंटे बाद परिवार को उसकी हत्या की सूचना मिली।

घटना (Lucknow Murder Case) की जानकारी पर डीसीपी पश्चिम जितेंद्र श्रीवास्तव और एसीपी रंजीत कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। तहरीर और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: लखनऊ ट्रिपल मर्डर: राजेश शुक्ला और दिव्या पर 25-25 हजार का इनाम, पुलिस की 4 टीमें तलाश में जुटी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.