62 करोड़ श्रद्धालुओं का महाकुंभ में आगमन, CM योगी बोले- महाकुंभ को दी ऐतिहासिक पहचान

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि प्रयागराज के महाकुंभ में अब तक 62 करोड़ श्रद्धालु आ चुके हैं, जो अपने आप में सदी की दुर्लभतम घटनाओं में से एक है। मुख्यमंत्री ने आगरा में आयोजित ‘यूनिकॉर्न कंपनीज कॉन्क्लेव’ (यूनिकॉर्न कंपनियों का सम्मेलन) में सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए इस आयोजन को “स्‍टार्टअप की दुनिया का यूनिकॉर्न महाकुंभ” बताया।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा इस समय महाकुंभ के प्रति आकर्षण है, और मुझे लगता है कि यह एक ऐतिहासिक घटना है। उन्होंने यह भी कहा आज जब मैं ब्रज भूमि में हूं, जो अपनी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि के लिए प्रसिद्ध है, तो यह स्थल भारत की सभ्यता और संस्कृति को प्रभावित करने वाला है।

योगी ने महाकुंभ के आयोजन की चर्चा करते हुए कहा प्रयागराज महाकुंभ में अब तक 62 करोड़ श्रद्धालु आ चुके हैं, और इस प्रकार इतनी बड़ी संख्या में लोगों का एकत्र होना अपने आप में एक अभूतपूर्व घटना है। यह एक सदी की दुर्लभतम घटनाओं में से एक है।

महाकुंभ का अवसर गर्व की बात

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी सरकार को इस महाकुंभ का आयोजन करने का अवसर मिलना गर्व की बात है। उन्होंने इस ऐतिहासिक आयोजन को भारत की प्राचीन परंपराओं से जोड़ते हुए कहा कि कुंभ का आयोजन भारत में प्राचीन काल से हो रहा है, और यह आयोजन दुनिया भर से श्रद्धालुओं को जोड़ने का एक माध्यम है।

मुख्यमंत्री योगी ने अंत में कहा कि कुंभ का आयोजन भारत की संस्कृति और परंपराओं से जुड़ाव बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण है, खासकर जब कभी लोग अपनी संस्कृति से दूर होते हैं, तब कुंभ उन्हें फिर से जोड़ने का कार्य करता है।

इस अवसर पर, मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के चार प्रमुख कुंभ स्थलों का भी जिक्र किया, जिनमें प्रयागराज, हरिद्वार, उज्जैन और नासिक (त्र्यंबकेश्वर) शामिल हैं।

Also Read: राहुल गांधी ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री से की बात, सुरंग में फंसे श्रमिकों के बचाव कार्य पर जाना अपडेट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.