बागेश्वर धाम में भोजन, भजन और निरोगी जीवन… कैंसर हॉस्पिटल के शिलान्यास में बोले PM मोदी

Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को बागेश्वर धाम बालाजी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही उन्होंने बागेश्वर धाम मेडिकल एंड साइंस रिसर्च इंस्टिट्यूट का शिलान्यास किया, जिसका उद्देश्य कैंसर रोगियों के इलाज के लिए एक समर्पित चिकित्सा केंद्र प्रदान करना है।

प्रधानमंत्री मोदी दोपहर 2 बजे बागेश्वर धाम पहुंचे, जहां उनका स्वागत पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किया। प्रधानमंत्री ने पहले बालाजी मंदिर में दर्शन किए और पूजन के बाद पुष्प अर्पित किए। इसके बाद वह मंच पर पहुंचे, जहां पंडित धीरेंद्र शास्त्री और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उनका स्वागत किया।

‘बागेश्वर धाम मेडिकल एंड साइंस रिसर्च इंस्टिट्यूट’ का शिलान्यास

पीएम मोदी ने बटन दबाकर ‘बागेश्वर धाम मेडिकल एंड साइंस रिसर्च इंस्टिट्यूट’ का शिलान्यास किया। इस संस्थान का निर्माण 252 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। यह अस्पताल 2.37 लाख वर्ग फीट क्षेत्र में बनेगा, और यहां कैंसर के इलाज के साथ-साथ अन्य बीमारियों के इलाज की सुविधा भी होगी।

अस्पताल में प्राकृतिक रोशनी और कम शोर के वातावरण के साथ पिरामिड आकार की संरचना होगी। ग्राउंड फ्लोर का क्षेत्रफल 4124 वर्ग मीटर होगा, जबकि शीर्ष फ्लोर 816 वर्ग मीटर का होगा। यह अस्पताल आसपास के सात जिलों के नागरिकों को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करेगा।

पीएम मोदी ने इस अवसर पर अपने संबोधन की शुरुआत बुंदेलखंडी भाषा में की और बागेश्वर धाम के जयकारे लगवाए। उन्होंने धर्म के खिलाफ टिप्पणी करने वाले नेताओं पर भी निशाना साधते हुए कहा, “कुछ नेता धर्म का मजाक उड़ाते हैं, जो हिंदू आस्थाओं का विरोध करते हैं और हमारे पर्व, परंपराओं और मंदिरों का अपमान करते हैं।” प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा मध्य प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और धार्मिक आस्थाओं को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ है।

Also Read: दिल्ली विधानसभा में दिखेगी महिला शक्ति, रेखा गुप्ता के सामने आतिशी चुनी गईं नेता…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.