UP News: चंदौली में भीषण सड़क हादसा, चार लोगों की दर्दनाक मौत, पांच की हालत गंभीर
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा नौगढ़ थाना क्षेत्र के जयमोहिनी गांव के पास देर रात हुआ, जब बोलेरो और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो में सवार चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों में एक महिला, एक सात वर्षीय बच्ची और दो पुरुष शामिल हैं। वहीं, बोलेरो में सवार अन्य पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बोलेरो में सवार लोग चंदौली के चकिया इलाके के पालपुर गांव में पारिवारिक समारोह में शामिल होने आए थे। समारोह संपन्न होने के बाद ये लोग पश्चिम बंगाल जाने के लिए ट्रेन पकड़ने सोनभद्र के रेणुकूट जा रहे थे। इसी दौरान, नौगढ़ थाना क्षेत्र के जयमोहिनी गांव के पास यह दर्दनाक हादसा हुआ।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस्तखार अहमद, अख्तर अंसारी, हकीमुन निशा और सात साल की मासूम साइना के रूप में हुई है। इनमें इस्तखार अहमद चकिया के निवासी थे, जबकि अन्य तीन लोग पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, हादसे के बाद ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और मामले की जांच में जुट गई है। चंदौली के एडिशनल एसपी (ऑपरेशन) अनिल कुमार ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौत हुई है और पांच घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है। पुलिस द्वारा मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, मृतकों के रिश्तेदार गुफरान अहमद ने बताया कि जिन लोगों की मौत हुई, उनमें उनके जीजा जी और तीन अन्य मेहमान शामिल थे। ये सभी 22 तारीख को पारिवारिक समारोह में शामिल होने आए थे और 28 तारीख को रेणुकूट से पश्चिम बंगाल जाने के लिए ट्रेन पकड़ने वाले थे। रास्ते में ही यह भयावह हादसा हो गया।
Also Read: दिल्ली विधानसभा में आज केजरीवाल पर CAG रिपोर्ट का दूसरा वार, मोहल्ला क्लिनिक में…

