होर्मुज के पास ईरान में गूंजे धमाके, अमेरिका ने ठिकानों पर किया हमला, 3 ड्रोन गिराने का दावा

US Iran War: ईरान के दक्षिणी इलाके में मंगलवार को पांच धमाकों की खबर सामने आई। ये विस्फोट रणनीतिक रूप से अहम होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) के पास स्थित क्यूशम द्वीप और बंदर लेंगेह में हुए। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के मुताबिक, क्यूशम द्वीप पर पांच धमाकों की आवाज सुनी गई, जबकि बंदर लेंगेह में भी कई विस्फोट हुए।

स्थानीय लोगों ने आसमान में दो विमानों को उड़ते देखने का दावा किया है। इस बीच एक अमेरिकी अधिकारी ने होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान के कुछ ठिकानों पर रक्षात्मक हवाई हमले किए जाने की बात कही है। हालांकि, धमाकों से किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है।

IRGC ने तीन अमेरिकी ड्रोन गिराने का दावा किया

धमाकों से पहले ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की एयरोस्पेस फोर्स ने होर्मुज के आसपास तीन अमेरिकी ड्रोन मार गिराने का दावा किया था। ईरान के सरकारी प्रसारक प्रेस टीवी के अनुसार, IRGC ने बताया कि क्यूशम द्वीप के दक्षिण में दो अमेरिकी MQM-170 टोही ड्रोन को इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम की मदद से गिराया गया।

संगठन ने अलग बयान में दावा किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्वी हिस्से में एक अमेरिकी MQ-9 ड्रोन को ट्रैक कर नष्ट किया गया। IRGC के मुताबिक, इस कार्रवाई में ईरान के नए एयर डिफेंस सिस्टम का इस्तेमाल हुआ। संगठन ने इसे उसका गिराया गया 55वां MQ-9 ड्रोन बताया है। इन दावों की अमेरिकी अधिकारियों की ओर से स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

अमेरिका ने बताया रक्षात्मक हमला

एक अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक, होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान के कुछ ठिकानों पर रक्षात्मक हमले किए गए। अधिकारी ने कहा कि यह कार्रवाई अमेरिकी संपत्तियों पर ईरान की ओर से सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलों के इस्तेमाल के जवाब में की गई।

होर्मुज जलडमरूमध्य से दुनिया की बड़ी मात्रा में कच्चे तेल और गैस की आपूर्ति होती है। ऐसे में यहां बढ़ती सैन्य गतिविधियों से अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार और वैश्विक व्यापार पर असर पड़ने की आशंका है।

Also Read: कोई डोसा बना रहा… तो कोई मंदिर में लगा रहा हाजिरी, भारतीय वोटरों को लुभाने में जुटे अमेरिकी नेता

Get real time updates directly on you device, subscribe now.