Lucknow News: दो मंजिला मकान में लगी भीषण आग, छात्रा झुलसी, अस्पताल में भर्ती
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी के बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र के बरगदी गांव में एक दो मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। वहीं, मकान में रह रही एक किरायेदार झुलस गई, जिसे उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आग लगने से इलाके में मचा हड़कंप
मिली जानकारी के अनुसार, बरगदी गांव में संतोष कुमार गौतम का दो मंजिला मकान है, जिसमें वह अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनके मकान में लखीमपुर जनपद निवासी किरायेदार सीता भी रह रही थीं। बीती रात सभी अपने-अपने कमरों में सो रहे थे, तभी देर रात अचानक घुटन महसूस होने पर संतोष की नींद खुली। उन्होंने देखा कि सीता के कमरे से आग की लपटें उठ रही थीं।
आग लगते ही संतोष ने शोर मचाना शुरू कर दिया, लेकिन तब तक सीता आग की लपटों के बीच घिर चुकी थीं। किसी तरह उन्हें बाहर निकाला गया, जबकि परिवार के अन्य सदस्य भी घर से बाहर निकलने में सफल रहे। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।
आग से झुलसी सीता को राम सागर मिश्र अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत सामान्य बताई है। सूचना पाकर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक घर में खड़ी स्कूटी, ई-रिक्शा और पूरा गृहस्थी का सामान जलकर खाक हो चुका था।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग
घटना के संबंध में एफएसओ बीकेटी प्रशांत कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि मकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। पुलिस और दमकल विभाग ने मौके पर स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: Agra News: दो भाइयों पर चाकुओं से हमला, एक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

