बस्ती में दर्दनाक सड़क हादसा: कंटेनर-कार के बीच टक्कर में 5 की मौत, 3 की हालत गंभीर
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। लखनऊ-गोरखपुर फोरलेन पर गोटवा के पास एक कंटेनर और लग्जरी कार की जबरदस्त टक्कर हो गई, जिसमें पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि नगर थाना क्षेत्र में एक कंटेनर अचानक लाइन बदलने लगा। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार उससे टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कार के भीतर फंसे लोगों को बाहर निकाला। पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि तीन घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस भीषण दुर्घटना के बाद हाईवे के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारू कराया।
मृतकों की पहचान जारी
फिलहाल मृतकों में से एक की पहचान हो पाई है, जो कार का चालक था। उसका नाम प्रेम बताया जा रहा है, जो गोरखपुर के तरकुलही जसोपुर का रहने वाला था। कार में सवार सभी लोग गुजरात से बिहार और गोरखपुर की ओर जा रहे थे। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

