Yogi Cabinet Meeting: योगी कैबिनेट की बैठक आज, कई अहम प्रस्तावों को मिलेगी मंजूरी

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार सुबह कैबिनेट बैठक होगी। जिसमें कई विभागों के प्रस्तावों को मंजूरी दी जाएगी। इसके बाद मंत्रिमंडल की बैठक में आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक चुनावों को लेकर अहम दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

इससे पहले, रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। करीब एक घंटे तक चली इस बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार, संगठनात्मक चुनाव और पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष के नामों पर चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक, योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी से अप्रैल में नोएडा स्थित जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन के लिए समय देने का अनुरोध किया है।

पार्टी सूत्रों की मानें तो होली के बाद संभावित मंत्रिमंडल विस्तार में 6 नए चेहरों को शामिल किया जा सकता है। इसके अलावा, कुछ वर्तमान मंत्रियों को संगठन में भेजने और कुछ के विभागों में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। विस्तार के दौरान ओबीसी और दलित नेताओं को अधिक प्रतिनिधित्व देकर सपा के पीडीए (पटेल, दलित, अति पिछड़ा) गठजोड़ को जवाब देने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।

संगठनात्मक चुनावों के तहत जल्द ही जिलाध्यक्षों की सूची जारी होने के साथ भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष भी नियुक्त किया जाएगा। पीएम मोदी और सीएम योगी की इस बैठक को सरकार और संगठन में महत्वपूर्ण बदलावों की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। वहीं, देर शाम मुख्यमंत्री जेवर एयरपोर्ट के निर्माण कार्य की समीक्षा करेंगे, ताकि जल्द से जल्द प्रधानमंत्री मोदी से उसका लोकार्पण कराया जा सके।

Also Read: बस्ती में दर्दनाक सड़क हादसा: कंटेनर-कार टक्कर में 5 की मौत, 3 की हालत गंभीर 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.