प्रत्याशियों की पहली सूची आते ही पंजाब AAP में बगावत, दो विधायकों ने दिया इस्तीफा

Sandesh Wahak Digital Desk: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) द्वारा 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करते ही पार्टी के भीतर बगावत के सुर तेज हो गए हैं। चुनाव की घोषणाओं के बीच ‘आप’ को बड़ा झटका देते हुए पटियाला जिले के दो प्रमुख विधायकों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। इनमें समाना सीट से विधायक व पूर्व मंत्री चेतन सिंह जोड़ामाजरा और सनौर सीट से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा शामिल हैं।

खबरों के मुताबिक, सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा सौंप दिया है। वहीं, समाना से विधायक चेतन सिंह जोड़ामाजरा ने भी सोशल मीडिया के जरिए पार्टी से त्यागपत्र देने का ऐलान किया। जोड़ामाजरा ने अपनी पोस्ट में लिखा- “मैं चेतन सिंह जोड़ामाजरा आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देता हूं।”

बीजेपी में शामिल होने की चर्चा

विधायकों के इस्तीफे के बाद बीजेपी के वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने ‘आप’ पर तीखा हमला बोला। सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए बिट्टू ने लिखा, “अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान के गूंगे 94 भेड़ुओं में से ज़िंदा ज़मीर वाला अलग हुआ… अभी तो फिल्म शुरू हुई है।” कयास लगाए जा रहे हैं कि दोनों बागी नेता चंडीगढ़ में केंद्रीय मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में जल्द ही बीजेपी का दामन थाम सकते हैं।

धूरी से मैदान में भगवंत मान

बता दें कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में हुई पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की बैठक के बाद 40 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की गई थी। इस सूची में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को एक बार फिर उनकी पारंपरिक सीट धूरी से प्रत्याशी बनाया गया है। पार्टी का दावा है कि ये नाम निष्पक्ष और वैज्ञानिक सर्वे के आधार पर तय किए गए हैं।

Also Read: PMLA कोर्ट ने आजम खान को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.