Jaunpur: 50,000 का इनामी बदमाश इरफान गिरफ्तार, अपहरण और हत्या के मामले में था वांछित
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ की टीम ने जनपद जौनपुर के थाना सरायख्वाजा क्षेत्र में 50,000 रुपये का पुरस्कार घोषित वांछित अभियुक्त इरफान को गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी थाना सरायख्वाजा के अंतर्गत पंजीकृत मु0अ0सं0 369/2024, धारा 103(1), 61(2), 140(2) बीएनएस में की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त इरफान पुत्र असगर, निवासी नसरूद्दीनपुर, थाना सरायख्वाजा, जनपद जौनपुर है। वह 27 अप्रैल 2025 को समय 21.05 बजे कोठवार से जमुहाई जाने वाली रोड पर चांदी गहना मोड़ पुलिया के पास गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी की कार्यवाही
एसटीएफ, उत्तर प्रदेश को पिछले कुछ दिनों से फरार और पुरस्कार घोषित अपराधियों के सक्रिय होने की सूचना मिल रही थी। इस सिलसिले में एसटीएफ की विभिन्न टीमों को अभिसूचना संकलन और कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया था। जब इरफान के जौनपुर में होने की सूचना मिली, तो एसटीएफ की टीम निरीक्षक आदित्य कुमार सिंह, मु०आ० सुनील सिंह और शेरबहादुर के नेतृत्व में वहां पहुंची और धरातलीय अभिसूचना संकलन के बाद इरफान को गिरफ्तार किया।
इन अपराधों में शामिल था बदमाश
गिरफ्तारी के बाद इरफान ने पूछताछ में बताया कि उसने अपने साथियों आरिफ और रवि के साथ मिलकर सरायख्वाजा क्षेत्र में एक बच्चे का अपहरण किया और उसके पिता से फिरौती की मांग की। जब फिरौती की रकम नहीं मिली, तो इरफान और उसके साथियों ने बच्चे की हत्या कर उसे नहर में फेंक दिया। इसके बाद वह मुम्बई भागकर छिप गया था। इरफान ने बताया कि इस मामले में उसके दो साथी, आसिफ और रवि, पहले ही गिरफ्तार होकर जेल जा चुके हैं। वह अपने मुकदमे की पैरवी के लिए जौनपुर आया था।
इरफान के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं:
- मु0अ0सं0 216/2024, धारा 457, 380 भादवि, थाना सरायख्वाजा, जनपद जौनपुर
- मु0अ0सं0 101/2024, धारा 457, 380 भादवि, थाना सरायख्वाजा, जनपद जौनपुर
- मु0अ0सं0 369/2024, धारा 103(1), 61(2), 140(2) बीएनएस, थाना सरायख्वाजा, जनपद जौनपुर
गिरफ्तार अभियुक्त इरफान को संबंधित थाना सरायख्वाजा में दाखिल किया गया है, जहां स्थानीय पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। एसटीएफ ने पुरस्कार घोषित अपराधियों के खिलाफ लगातार छापेमारी जारी रखी है, जिससे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है और कानून व्यवस्था को बनाए रखने में मदद मिल रही है। इरफान को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है और मामले की आगे की जांच स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।
Also Read: UP STF की बड़ी कार्रवाई: 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, पूछताछ में हुआ खुलासा

