‘दुश्मन को उसके घर में घुसकर मारेंगे’, कासगंज में सीएम योगी ने 724 करोड़ की परियोजनाओं का किया लोकार्पण
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को कासगंज के दौरे पर पहुंचे। सीएम योगी सुबह 11:27 बजे पुलिस लाइन पहुंचे, जहां उन्होंने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्हें रुद्राक्ष का पौधा भेंट स्वरूप दिया गया।
मुख्यमंत्री ने पुलिस लाइन समेत जिले में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कुल 724 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं को आज मूर्त रूप मिला। मुख्यमंत्री लगभग पौने तीन घंटे तक जिले में मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने कहा उत्तर प्रदेश अब नए युग में प्रवेश कर रहा है। एक नया, सशक्त इंफ्रास्ट्रक्चर प्रदेश में विकसित हो रहा है। कासगंज के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है।
जनपद कासगंज में ₹724 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण/शिलान्यास एवं नवनिर्मित पुलिस लाइंस के उद्घाटन हेतु आयोजित कार्यक्रम में… https://t.co/yjlGxzj2lF
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) May 20, 2025
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि “सोरों का विकास अयोध्या की तर्ज पर किया जाएगा।” उन्होंने जिले में संग्रहालय निर्माण, दरियागंज झील और नदरई पुल के सौंदर्यीकरण की परियोजनाओं को मंजूरी देने की घोषणा की।
विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण
724 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण करते हुए सीएम योगी ने कहा, “यह मेरा सौभाग्य है कि भगवान बाराह की जन्मस्थली की पावन धरती पर आने का अवसर मिला। मैं इस भूमि को नमन करता हूं।” उन्होंने डबल इंजन की सरकार के विकास कार्यों को रेखांकित करते हुए कहा कि राज्य और केंद्र की समन्वित सरकार जनता की सेवा और विकास को प्राथमिकता दे रही है।
सीएम योगी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख करते हुए कहा, “भारत की सेना ने दुश्मन को ऐसा सबक सिखाया है जो वह जीवन भर याद रखेगा। भारत ने स्पष्ट संदेश दे दिया है हमारे किसी भी नागरिक की जान जाएगी, तो दुश्मन को उसके घर में घुसकर मारेंगे।” मुख्यमंत्री का यह दौरा न केवल विकास योजनाओं की सौगात लेकर आया, बल्कि क्षेत्रीय जनता में नई उम्मीदें भी जगाईं।
Also Read: Bareilly News: संविदा कर्मचारियों की हड़ताल, छंटनी के विरोध में दिया धरना

