Lucknow: विश्व पर्यावरण दिवस पर जेल में पौधरोपण, बंदियों के लिए ओपन जिम का शुभारंभ

Sandesh Wahak Digital Desk: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने जिला कारागार लखनऊ में आम का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इसी दिन लखनऊ में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पवित्र विल्व वृक्ष का पौधरोपण किया।

कारागार प्रशासन ने यह निर्णय लिया है कि जेल परिसर में लगभग 200 विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए जाएंगे। इससे जेल का वातावरण हरा-भरा और स्वस्थ रहेगा, जो कैदियों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव डालेगा।

इस मौके पर मंत्री दारा सिंह चौहान ने लखनऊ के जिला कारागार में नए बने ओपन जिम का भी उद्घाटन किया। यह पहल प्रधानमंत्री के ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ की भावना के अनुरूप प्रदेश की सभी जेलों में की जा रही है। ओपन जिम से कैदियों के शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा मिलेगा, जो उनके सुधार और पुनर्वास में सहायक होगा।

कारागार प्रशासन की यह रचनात्मक सोच सराहनीय

मंत्री ने कहा कि कारागार प्रशासन की यह रचनात्मक सोच सराहनीय है। सरकार की प्राथमिकता कैदियों के सुधार और पुनर्वास पर है। इसके अलावा, जेलों में बंदियों की धार्मिक भावनाओं का भी सम्मान किया जाता है। हाल ही में कैदियों को महाकुंभ के पवित्र जल से स्नान कराने जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।

बंदी कल्याण के लिए विभिन्न सुविधाएं भी मुहैया कराई जा रही हैं। जेलों में पीसीओ सुविधा उपलब्ध कराई गई है ताकि बंदी अपने परिवार से संपर्क कर सकें। साथ ही ‘कॉमन हॉल’, ‘बंदी कल्याणकारी कैन्टीन’ और ‘दूरस्थ शिक्षा संस्थान’ के माध्यम से बंदियों को शिक्षा प्राप्त करने का अवसर दिया जा रहा है।

बच्चों के लिए जेल परिसर में क्रेच की सुविधा और आंगनवाड़ी केंद्रों से बच्चों एवं उनकी माताओं को पोषाहार भी उपलब्ध कराया जाता है। सरकार की इस मानवीय दृष्टिकोण और बंदियों की भलाई के प्रयासों को कारागार प्रशासन द्वारा निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है।

Also Read: Bareilly News: बरादरी पुलिस की कार्रवाई, तीन वारंटी अभियुक्तों को किया गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.