हमीरपुर में 3 साल की बच्ची से दुष्कर्म-हत्या का आरोपी मुठभेड़ में घायल, दोनों पैरों में लगी गोली
Hamirpur News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मुस्करा में तीन साल की बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी सोमवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी हीरालाल को घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए घटनास्थल पर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसने छिपाकर रखे अवैध तमंचे से पुलिस टीम पर गोली चला दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। घायल हालत में उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घर के बाहर खेलते समय लापता हुई थी बच्ची
पुलिस के अनुसार, घटना रविवार, 1 नवंबर की है। मुस्करा कस्बे के एक मोहल्ले में रहने वाली तीन साल की बच्ची दोपहर में घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गई। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन शाम करीब सात बजे उसका शव घर से कुछ दूरी पर खेत में मिला।
परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले युवक पर बच्ची को अगवा करने, उसके साथ दुष्कर्म करने और हत्या करने का आरोप लगाया था। आरोप है कि युवक बच्ची को अरहर के खेत में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसकी पैजामी से गला घोंटकर हत्या कर दी।
घटना की जानकारी फैलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया। बच्ची के परिजन और ग्रामीण गुस्से में आ गए। पोस्टमार्टम के लिए पुलिस जब शव ले जाने पहुंची तो ग्रामीणों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इस दौरान तोड़फोड़ भी हुई और आक्रोशित लोगों ने सीओ की गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाया और कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद स्थिति शांत हुई।
तीन पुलिस टीमों ने आरोपी को किया गिरफ्तार
अपर पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, बच्ची के पिता की तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले का खुलासा करने के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई थीं। इन टीमों ने नामजद आरोपी हीरालाल को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब छह बजे आरोपी को साक्ष्य जुटाने के लिए घटनास्थल पर ले जाया गया था। इसी दौरान उसने छिपाकर रखे तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके दोनों पैरों में गोली लगी।
घायल आरोपी को तत्काल सीएचसी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
Also Read: Bareilly News: आंवला में 660 ग्राम अफीम के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार, बुलेट बाइक और मोबाइल बरामद

