Air India विमान को मिली बम से उड़ाने की धमकी, थाईलैंड में प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग

Sandesh Wahak Digital Desk: एयर इंडिया की फुकेट से नई दिल्ली आ रही फ्लाइट AI-379 को शुक्रवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद थाईलैंड के फुकेट इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी।

Air India

फ्लाइट में कुल 156 यात्री सवार थे, जिन्हें सुरक्षित विमान से बाहर निकाल लिया गया।

फुकेट एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि धमकी की सूचना मिलते ही आपातकालीन प्रोटोकॉल के तहत विमान को वापसी के आदेश दिए गए और सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई।

प्रारंभिक तलाशी के बाद विमान में कोई विस्फोटक सामग्री नहीं पाई गई।

फ्लाइट ट्रैकर के अनुसार, विमान ने स्थानीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे (0230 IST) उड़ान भरी थी, लेकिन 20 मिनट की उड़ान के बाद अंडमान सागर के ऊपर चक्कर लगाते हुए सुबह 11:38 बजे फुकेट एयरपोर्ट पर वापसी की।

एक दिन पहले हुआ था बड़ा विमान हादसा, अब तक 265 मौतें

गौरतलब है कि एयर इंडिया के लिए यह दूसरी बड़ी चिंता की घटना है। एक दिन पहले, गुजरात के अहमदाबाद में एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी।

लंदन जा रही इस फ्लाइट में 242 लोग सवार थे, जिनमें से 241 की मौत हो गई, जबकि एक यात्री चमत्कारिक रूप से जीवित बच गया।

यह हादसा गुरुवार को दोपहर 1:38 बजे विमान के टेकऑफ के कुछ ही मिनट बाद हुआ। फ्लाइट का पिछला हिस्सा बी.जे. मेडिकल कॉलेज के मेस पर गिरा, जिससे परिसर में मौजूद 24 मेडिकल और नर्सिंग छात्रों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।

हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता विजय रूपाणी की भी मौत हो गई, जो अपनी बेटी और पत्नी से मिलने लंदन जा रहे थे।

सुरक्षा एजेंसियां सतर्क, जांच जारी

दो लगातार घटनाओं के बाद एयर इंडिया की उड़ानों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां बेहद सतर्क हो गई हैं। थाईलैंड में बम की धमकी के मामले की जांच स्थानीय प्रशासन और भारतीय अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से की जा रही है।

फुकेट में सभी यात्रियों की काउंसलिंग और वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था की जा रही है, जबकि दिल्ली एयरपोर्ट पर भी हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।

Also Read: Air India Flight Crash: जन्मदिन का सरप्राइज़ बना आखिरी मुलाकात, विमान हादसे में CBI अफसर की बेटी दीपांशी की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.