IPL जीत के सेलिब्रेशन में मची भगदड़ के बाद BCCI का बड़ा कदम

Sandesh Wahak Digital Desk: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की ऐतिहासिक जीत के बाद हुए जश्न में मची भगदड़ ने देशभर को झकझोर कर रख दिया।

BCCI

अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए बड़ा फैसला लिया है। शनिवार को BCCI ने तीन सदस्यों की एक विशेष कमेटी का गठन किया है, जो ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश तैयार करेगी।

बीसीसीआई सचिव को सौंपी गई कमेटी की जिम्मेदारी

इस नई कमेटी की अध्यक्षता बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया करेंगे। उनके साथ उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और कोषाध्यक्ष प्रभजेत सिंह भाटिया को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

यह समिति 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी, जिसमें सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के दौरान भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा मानकों के लिए सख्त गाइडलाइंस शामिल होंगी।

RCB के सेलिब्रेशन में क्यों मची थी भगदड़?

आईपीएल 2025 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 3 जून को पंजाब किंग्स को 6 रन से हराकर अपनी पहली ट्रॉफी जीती थी। इसके बाद 4 जून को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में विक्ट्री सेलिब्रेशन का आयोजन किया गया।

इस मौके पर लाखों की संख्या में प्रशंसक स्टेडियम और उसके आसपास जमा हो गए। अत्यधिक भीड़ के चलते मची भगदड़ में 11 फैंस की मौत हो गई, जबकि 56 लोग घायल हो गए।

जांच के आदेश, एफआईआर दर्ज

इस घटना के बाद कर्नाटक हाईकोर्ट ने मामले की जांच के लिए एक रिटायर्ड जज की निगरानी में आयोग का गठन किया है।

साथ ही आरसीबी और कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। फिलहाल जांच जारी है और किसी नतीजे पर नहीं पहुंचा गया है।

बीसीसीआई की संवेदनशील पहल

BCCI ने इस त्रासदी में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी है और साथ ही स्पष्ट किया है कि बोर्ड भविष्य में इस तरह की किसी भी दुर्घटना से बचने के लिए सभी जरूरी कदम उठाएगा।

नई गठित समिति की सिफारिशों के आधार पर भविष्य के कार्यक्रमों के लिए सख्त प्रोटोकॉल तय किए जाएंगे।

Also Read: WTC Final 2025: 27 साल का सूखा खत्म, साउथ अफ्रीका ने पहली बार जीती वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.