गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी का डीएनए मैच, परिवार को सौंपा जाएगा पार्थिव शरीर
Sandesh Wahak Digital Desk: अहमदाबाद में हुए प्लेन क्रैश हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का डीएनए टेस्ट मैच हो गया है। गृह मंत्री हर्ष संघवी ने इसकी पुष्टि की है। रविवार (15 जून) शाम को उनका पार्थिव शरीर परिवार को सौंपा जाएगा।
विजय रूपाणी एयर इंडिया की उसी फ्लाइट AI171 में सवार थे, जो अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दर्दनाक हादसे में विमान में सवार 242 लोगों में से 241 की मौत हो गई, जबकि केवल एक व्यक्ति ही जीवित बचा। इस भीषण दुर्घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया है।
गृह मंत्री हर्ष संघवी ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा, हमारे नेता, जिन्होंने अपने जीवन का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा गुजरात में सार्वजनिक सेवा के लिए समर्पित किया, उनका अहमदाबाद जाने वाली एयर इंडिया फ्लाइट की दुखद दुर्घटना में निधन हो गया है। आज सुबह 11:10 बजे उनके डीएनए की पुष्टि हुई।
इससे पहले, अस्पताल अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी ने बताया था कि मृतकों के पार्थिव शरीर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया तेजी से जारी है और राज्य सरकार द्वारा पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल में 250 से अधिक डॉक्टरों, नर्सों, पैरामेडिकल स्टाफ और स्वयंसेवकों की टीम ने तत्काल राहत और इलाज की कमान संभाली, जिससे कई जिंदगियां बचाई जा सकीं। घायलों का समय पर इलाज सुनिश्चित किया गया और मृतकों की पहचान के लिए फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की मदद से डीएनए सैंपल मिलान का कार्य किया गया।

