फर्रुखाबाद में पुलिस वाहन को ट्रक ने मारी टक्कर, छह सिपाही घायल, लखनऊ आते वक्त हुआ हादसा
Sandesh Wahak Digital Desk: रविवार सुबह फर्रुखाबाद जिले के कमालगंज थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें पुलिस वाहन को ट्रक ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायल सिपाही सरकारी ड्यूटी के तहत बदायूं से लखनऊ जा रहे थे, जहां उन्हें नवचयनित सिपाहियों को नियुक्ति पत्र सौंपने के कार्यक्रम में भाग लेना था।
यह हादसा उबरीखेड़ा मोड़ के पास सुबह करीब 6 बजे हुआ, जब पुलिसकर्मी एक सरकारी वाहन से लखनऊ की ओर बढ़ रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही वाहन खुदागंज के करीब पहुंचा, सामने से आ रहे एक ट्रक ने ओवरटेक करते समय तेज़ रफ्तार में पुलिस वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस वाहन सड़क किनारे पलट गया, और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घायलों के नाम
- मयंक तिवारी (41 वर्ष)
- बॉबी (33 वर्ष)
- सोनू (36 वर्ष)
- प्रदीप चौधरी (32 वर्ष)
- जितेंद्र सक्सेना (54 वर्ष)
- प्रवेंद्र मलिक (55 वर्ष)
घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत लखनऊ के लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में तैनात डॉक्टरों के मुताबिक, सभी सिपाहियों को फ्रैक्चर हुआ है और उनकी ऑर्थोपेडिक जांच करवाई जा रही है। गंभीर रूप से घायल कुछ पुलिसकर्मियों को हायर सेंटर के लिए रेफर भी किया गया है।
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की प्रतिक्रिया
अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार सिंह ने बताया कि पुलिसकर्मी लखनऊ में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के लिए ड्यूटी पर जा रहे थे। ट्रक द्वारा ओवरटेक करते समय हुई आमने-सामने की टक्कर में यह हादसा हुआ। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी घायल पुलिसकर्मी अब खतरे से बाहर हैं और उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग तुरंत हरकत में आया। एक साथ छह पुलिसकर्मियों के घायल होकर लोहिया अस्पताल पहुंचने से इमरजेंसी वार्ड में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही जॉइंट डायरेक्टर (स्वास्थ्य) को सूचित किया गया, जिसके बाद ऑर्थो सर्जन और एक्सरे टेक्नीशियन को त्वरित रूप से अस्पताल में तैनात किया गया। फिलहाल, बदायूं से आई एक विशेष मेडिकल टीम सभी घायलों की स्थिति की निगरानी कर रही है और उन्हें वापस लाने की तैयारी में जुटी है।
Also Read: यूपी में 60 हजार से ज्यादा सिपाहियों को मिला नियुक्ति पत्र, CM योगी बोले- वर्दीधारी ट्रेनिंग में…

