Kushinagar: झांसा देकर उचक्कों ने महिला से झटक लिए बीस हजार रुपये

Sandesh Wahak Digital Desk: आप बैंक के उपभोक्ता हैं, तो यह खास खबर आपके लिए है। सावधान हो जाइए बैंक शाखाओं पर आपके इर्द-गिर्द घूम रहे, खास कर महिलाओं के सहयोग में तत्पर दिख रहे उच्चकों की नजर आपके गाढ़ी कमाई पर है। पलक झपकते ही वह आपकी मोटी रकम से हाथ साफ कर सकते हैं।

ताजा मामला हाटा कोतवाली के सुकरौली कस्बा स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा का है। यहां मंगलवार को पैसा निकालने आयी एक महिला को एक उचक्के ने ऐसा झांसा में लिया कि बैंक से निकाले उसके 20 हजार रुपये ले उड़े। महिला ठगे जाने का एहसास होने पर रोती बिलखती बैंक कर्मियों से मदद की गुहार लगाती रही। महिला के बैंक से 20 हजार रुपये निकाल कर बाहर आने पर झांसा देकर कपड़े में लिपटा कागज का बंडल थमा उसके निकाले रुपये को लेकर उचक्का चम्पत हो गया।

हाटा कोतवाली क्षेत्र के जोलहिनिया निवासी केसरी देवी पत्नी जगलाल चौहान सुकरौली कस्बा स्थित पंजाब नेंशनल बैंक की शाखा में पैसा निकालने आयी थी। बैंक के अंदर एक युवक मिला जिसने उसका पैसा निकालने के लिये निकासी फॉर्म भरा। महिला जब बैंक से पैसा निकाल कर बाहर निकली तो युवक उससे बातचीत कर उसे अपने झांसे में ले लिया और सुकरौली कस्बें के नहर के पास ले जाकर उसे कपड़े में लिपटा कागज के बंडल को रुपये का बंडल बता थमाया और कहा कि अपना पैसा हमें दे दें। इस बंडल में दो लाख रुपये हैं। कहा तुम बैंक के पास चलो हम अभी एक दुकान से कुछ हिसाब करके आते हैं। महिला ने उसके झांसे में आकर बंडल ले लिया और बैंक से निकाले गए अपने बीस हजार रूपये उसे दे दिये।

महिला बैंक के पास पहुंच कर उसका इंतजार करने लगी। जब काफी समय बीत गया और युवक नहीं आया तो उसने बंडल खोल कर देखा तो उसमें कागज की गड्डी थी। जिसे देख महिला बदहवास होकर जोर-जोर से रोने लगी। आस-पास के लोगों को जब जानकारी हुई तो पुलिस चौकी को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला से पूछताछ की और बैंक के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छानबीन शुरू किया।

इस संबंध में पूछे जाने पर चौकी प्रभारी सुकरौली सीबी पाण्डेय ने घटना की जानकारी होने की बात बतायी। बैंक के फुटेज में दो संदिग्धों की तस्वीर मिली है। जिसके आधार पर उनकी छानबीन की जा रही है। दोनों संदिग्ध कस्बे से ठूठी चौराहे तक पैदल जाते दिखे हैं। पुलिस ने दावा किया कि शीघ्र ही दोनों जालसाज पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

रिपोर्ट- राघवेंद्र मल्ल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.