Etawah: कथावाचक विवाद में पुलिस ने चलाया सोशल मीडिया सफाई अभियान, अफवाह फैलाने में 11 गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: कथावाचक विवाद को लेकर सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाने और साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ इटावा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अब तक 11 युवकों को गिरफ्तार कर लिया है, जो विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भड़काऊ पोस्ट और वीडियो शेयर कर रहे थे।

क्या था पूरा मामला

हाल ही में थाना बकेवर क्षेत्र में हुए कथावाचक विवाद के बाद कुछ अराजक तत्वों ने फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स (ट्विटर) जैसे प्लेटफॉर्म्स पर झूठी और उत्तेजक सामग्री वायरल की थी। इन पोस्ट्स से जिले में सामाजिक तनाव फैलाने की कोशिश की गई।

पुलिस की साइबर टीम ने कैसे पकड़े आरोपी

इटावा पुलिस की सोशल मीडिया निगरानी टीम ने इन आपत्तिजनक पोस्ट्स को ट्रैक किया और डिजिटल साक्ष्य जुटाए। इसके बाद विभिन्न थानों में 8 मुकदमे दर्ज कर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए युवकों में थाना इकदिल का आशिक, सैफई के अंशुल और रवि यादव, ऊसराहार का नवनीत कश्यप समेत अन्य शामिल हैं।

एसएसपी ने जनता से की अपील

जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने आम जनता से अपील करते हुए कहा, सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ सामग्री शेयर न करें। अगर आपको ऐसी कोई पोस्ट दिखे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। हम 24×7 सोशल मीडिया पर नजर बनाए हुए हैं और गलत करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।

समाजवादी पार्टी ने उठाए सवाल

इस बीच, समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष, सांसद जितेंद्र दोहरे और अन्य नेताओं ने एसएसपी से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा। उन्होंने विवाद में फंसी रेनू तिवारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और गिरफ्तार युवकों की निष्पक्ष जांच की मांग की। सांसद दोहरे ने आरोप लगाया, मामले में एकतरफा कार्रवाई हो रही है। रेनू ने भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है, उनके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।

Also Read: क्रिकेट में नई सनसनी: 19 साल के दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज ने डेब्यू मैच में ही तोड़ दिए सारे रिकॉर्ड

Get real time updates directly on you device, subscribe now.