Mainpuri News: पुलिसकर्मी पर ही लगा मंदिर से चांदी की मूर्ति चोरी करने का आरोप, भक्तों में रोष

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से चोरी का एक ऐसा अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जिसने पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मचा दिया है। यहां थाना परिसर के अंदर बने मंदिर से मां दुर्गा की चांदी की मूर्ति चोरी हो गई है। इस घटना से सिर्फ पुलिस ही नहीं, बल्कि भक्तों में भी भारी रोष है। जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है, दो दिन पहले स्थानांतरित हुए थाने के ही हैड मुहर्रिर सिपाही विजय शर्मा के कमरे से एक नकली मूर्ति बरामद हुई है, जो हूबहू चोरी हुई मूर्ति जैसी दिखती है।

मंदिर में कैसे स्थापित हुई थी मूर्ति

यह पूरा मामला 18 सितंबर, 2024 का है। घिरोर क्षेत्र के शाहजहांपुर गांव के ग्रामीणों को गांव के बाहर एक पोखर में मां दुर्गा की चांदी की प्रतिमा मिली थी। मूर्ति मिलते ही गांव में खुशी की लहर दौड़ गई, लोग जयकारे लगाने लगे और उसे सड़क किनारे रखकर पूजा-अर्चना शुरू कर दी। हालांकि, गांव के ही एक युवक ने इसका विरोध किया और थाने में शिकायत कर दी। इसके बाद एसडीएम घिरोर और पुलिस मौके पर पहुंची। विवाद से बचने के लिए, उस चांदी की मूर्ति को थाने में बने मंदिर के प्रांगण में विधि-विधान से स्थापित कर दिया गया था।

मुहर्रिर के तबादले के बाद खुला भेद

बीते सोमवार को थाने के हेड मुहर्रिर विजय शर्मा का तबादला मथुरा जिले में हो गया। उनकी विदाई का कार्यक्रम चल रहा था और चार्ज दूसरे हेड कांस्टेबल को दिया गया। इसी दौरान कुछ लोगों की नजर मंदिर पर पड़ी, जहां माता की चांदी की मूर्ति स्थापित थी। देखा गया कि उस स्थान से मूर्ति गायब थी! यह देखते ही पूरे थाने में हड़कंप मच गया।

लोगों ने पूरा थाना छान मारा, लेकिन मूर्ति कहीं नहीं मिली। इस बीच, हेड कांस्टेबल विजय शर्मा मैनपुरी से मथुरा चले गए थे। दो दिन बाद पता चला कि जैसी दिख रही मूर्ति हेड मुहर्रिर विजय शर्मा के कमरे में रखी है। लेकिन जब लोगों ने पास जाकर देखा, तो पता चला कि यह वह असली मूर्ति नहीं थी, जो मंदिर में स्थापित थी, क्योंकि कमरे में मिली मूर्ति चांदी की नहीं, बल्कि नकली थी।

एसडीएम और एसपी ने दिए जांच के आदेश

मामला तूल पकड़ता देख नए हैड मुहर्रिर ने मूर्ति चोरी की शिकायत एसडीएम प्रसून कश्यप से की। एसडीएम का कहना है कि जल्द जांच कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, आरोप यह भी लग रहे हैं कि मुहर्रिर विजय शर्मा खुद ही असली चांदी की मूर्ति चोरी करके मथुरा ले गए और उसकी जगह पर उन्होंने वैसी ही नकली मूर्ति रख दी। फिलहाल, पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा ने इस पूरे मामले की जांच के बाद सख्त कार्रवाई की बात कही है।

Also Read: UP Politics: अपना दल (एस) ने भाजपा के इस फैसले पर जताई नाराजगी, CM योगी को लिखा पत्र

Get real time updates directly on you device, subscribe now.