लखनऊ में पोस्टर पॉलिटिक्स का बवाल, भाजपा नेता ने हजरतगंज थाने में दर्ज कराई FIR, बताया जान का खतरा

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर पोस्टर पॉलिटिक्स ने हलचल मचा दी है। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन पर लखनऊ में लगाए गए एक व्यंग्यात्मक पोस्टर ने नया विवाद खड़ा कर दिया। यह पोस्टर भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री अमित त्रिपाठी की ओर से लगाया गया था, जिसे बाद में सपा कार्यकर्ताओं ने फाड़ दिया। अब अमित त्रिपाठी ने सपा नेताओं और खुद अखिलेश यादव से जान का खतरा बताया है और हजरतगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

पोस्टर हटाने से लेकर फाड़ने तक बढ़ा बवाल

मंगलवार को लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए एक पोस्टर लगाया गया। इस पोस्टर को लखनऊ नगर निगम की टीम ने कुछ घंटों के भीतर हटा दिया। लेकिन विवाद यहीं नहीं थमा। कुछ ही घंटे बाद 1090 चौराहे पर भी ऐसा ही पोस्टर लगाया गया, जिसे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर फाड़ दिया और “अखिलेश यादव जिंदाबाद” के नारे लगाए।

बुधवार को भाजपा नेता अमित त्रिपाठी ने हजरतगंज थाने में सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ शिकायत दी और दावा किया कि अब उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। उनका कहना है कि उन्होंने अखिलेश यादव के जातीय उन्माद और सामाजिक विद्वेष फैलाने के खिलाफ व्यंग्यात्मक पोस्टर लगाए थे, लेकिन इसके बाद से उन्हें लगातार डराने-धमकाने की कोशिशें की जा रही हैं।

सोशल मीडिया पर मिली धमकी, घर की रेकी का भी आरोप

अमित त्रिपाठी ने पुलिस को दी गई तहरीर में लिखा है कि पोस्टर वायरल होने के बाद, सोशल मीडिया पर कई सपा समर्थकों ने उनके घर का पता लगाने की बात कॉमेंट्स में लिखी। त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि जानकीपुरम स्थित उनके घर के बाहर कई बार समाजवादी पार्टी के झंडों से सजी गाड़ियां रेकी करती देखी गई हैं।

अखिलेश यादव पर सीधे आरोप

त्रिपाठी ने कहा कि अगर उनके या उनके परिवार के किसी भी सदस्य पर कोई जानलेवा हमला होता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी अखिलेश यादव और उनके कार्यकर्ताओं की होगी। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।

Also Read: दिल्ली से वाराणसी जा रही टूरिस्ट बस में लगी भीषण आग, 14 यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.