कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर ट्रक में घुसी मिनी बस, एक ही परिवार के 4 की मौत, 10 घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: रविवार सुबह राजस्थान के कोटा जिले में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर चंबल पुल के पास एक तेज रफ्तार मिनी बस आगे चल रहे एक ट्रक में जा घुसी, जिससे एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह परिवार इंदौर में एक सगाई समारोह में शामिल होकर करौली लौट रहा था।
ड्राइवर को झपकी आई और पल भर में सब खत्म
पुलिस और चश्मदीदों के अनुसार, यह भीषण दुर्घटना सुबह करीब 5 बजे बुढ़ादित थाना क्षेत्र में हुई। प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि मिनी बस के चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे उसने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और बस सीधे सामने चल रहे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मिनी बस के परखच्चे उड़ गए और उसकी भयावह स्थिति देखकर हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले चारों लोग एक ही परिवार के सदस्य थे। मृतकों की पहचान गीता सोनी (63), उनके दो बेटे ब्रजेश सोनी (45) और अनिल सोनी (48), तथा दामाद सुरेश सोनी (45) के रूप में हुई है। अनिल और ब्रजेश ज्वेलरी का कारोबार करते थे, जबकि सुरेश भरतपुर में सरकारी शिक्षक थे। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुजीत शंकर ने पुष्टि की है कि हादसे का मुख्य कारण ड्राइवर को नींद आना प्रतीत होता है। बस की तेज रफ्तार भी दुर्घटना का एक बड़ा कारण बनी।
सगाई समारोह से लौट रहा था सोनी परिवार
सोनी परिवार शनिवार को मध्य प्रदेश के इंदौर गया था, जहां एक पारिवारिक सदस्य के सगाई और गोदभराई का कार्यक्रम था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद, परिवार के 14 सदस्य एक मिनी ट्रैवलर बस से रात करीब 9 बजे इंदौर से अपने घर करौली के लिए रवाना हुए थे। नियति को कुछ और ही मंजूर था और सुबह तड़के कोटा के पास यह हादसा हो गया।
घायलों में कुछ की हालत गंभीर
हादसे की सूचना मिलते ही बुढ़ादित पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सभी घायलों को कोटा के एमबीएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया। चार गंभीर घायलों को बाद में एक निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया है, जबकि बाकी का इलाज एमबीएस अस्पताल में ही चल रहा है। तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। अनिल सोनी के भतीजे संजय सोनी ने बताया कि सानिया, ममता, संजू, छोटू समेत कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 7 का इलाज अभी भी जारी है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, कुछ घायलों की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
Also Read: राष्ट्रपति ने राज्यसभा के लिए मनोनीत किए चार नए चेहरे, उज्ज्वल निकम और हर्षवर्धन श्रृंगला भी शामिल

