सीएम रेखा गुप्ता की राहुल गांधी को चुनौती, बोलीं- संसद में आइए, 1975 इमरजेंसी और 1984 सिख विरोधी दंगों पर करते हैं बहस

Sandesh Wahak Digital Desk: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को डिबेट की चुनौती दिए जाने के बाद राजनीतिक गलियारों में जुबानी जंग तेज हो गई है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) के माध्यम से राहुल गांधी को सीधे संसद में बहस करने का खुला चैलेंज थमा दिया है।

इमरजेंसी और 1984 के दंगों का उठाया मुद्दा

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने राहुल गांधी के पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए लिखा, राहुल गांधी जी, ओपन चैलेंज। संसद में आइए, बहस करते हैं! 1975 में आपकी दादी ने इमरजेंसी लगाई, विपक्ष को जेल में डाला, प्रेस का मुंह बंद किया और लोकतंत्र का गला घोंटा। 1984 में आपके पिता प्रधानमंत्री थे, जब दिल्ली में हजारों बेगुनाह सिखों का कत्लेआम हुआ। उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए आगे कहा कि कांग्रेस आज भी उस खून से सनी अपनी विरासत से बच नहीं पाई है।

चौथा टर्म आपका सबसे बड़ा बुरा सपना है

लगातार तीन लोकसभा चुनाव (2014, 2019 और 2024) में कांग्रेस की हार का जिक्र करते हुए रेखा गुप्ता ने लिखा कि चौथा टर्म राहुल गांधी के लिए सबसे बड़ा बुरा सपना साबित होने वाला है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, भागना मत! बहस की जगह भारत की संसद, नई दिल्ली है और इसके लिए किसी वीजा की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।

राहुल गांधी ने पीएम मोदी को दिया था डिबेट का चैलेंज

इससे पहले मंगलवार शाम को राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री मोदी को बहस के लिए आमंत्रित किया था। राहुल ने लिखा था कि प्रधानमंत्री उन पर और विपक्ष पर देशद्रोही होने का आरोप लगाते हैं, ऐसे में उन्हें जगह और मंच चुनकर सीधी बहस करनी चाहिए। उन्होंने लिखा था, स्थान आप चुनिए, जिसे जज बनाना चाहते हैं- चाहें तो मोहन भागवत जी को बिठा दीजिए। फाइनेंशियल सिस्टम, यूएस डील और अन्य मुद्दों पर मीडिया और युवाओं के सामने खुलकर चर्चा हो जाए। राहुल गांधी के इसी पोस्ट के जवाब में दिल्ली की मुख्यमंत्री ने उन्हें संसद में घेरने की रणनीति के तहत बहस की सीधी चुनौती दी है।

Also Read: अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में ट्रंप को झटका, सीनेट हाथ से निकली, बोले- मैं मैदान में होता तो जीतते!

Get real time updates directly on you device, subscribe now.