दिग्गज अभिनेता कोटा श्रीनिवास राव का 83 वर्ष की आयु में निधन, सीएम ने जताया दुख

Sandesh Wahak Digital Desk: तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। वयोवृद्ध अभिनेता और बीजेपी के पूर्व विधायक कोटा श्रीनिवास राव का 83 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उन्होंने हैदराबाद के जुबली हिल्स स्थित अपने आवास पर रविवार की सुबह अंतिम सांस ली। बता दें कि दो दिन पहले ही उन्होंने अपना 83वां जन्मदिन मनाया था।

750 से अधिक फिल्मों में यादगार अभिनय

आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले के कंकिपाडु में जन्मे कोटा श्रीनिवास राव ने 1978 में फिल्म ‘प्रणाम खरीडू’ से अपने अभिनय कॅरियर की शुरुआत की थी। चार दशकों से भी अधिक समय तक उन्होंने अपनी अदाकारी से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उन्होंने तेलुगु के अलावा तमिल, कन्नड़ और हिंदी भाषाओं में 750 से भी ज्यादा फिल्मों में काम किया। उन्हें खासकर नकारात्मक और चरित्र भूमिकाओं में निभाए गए यादगार किरदारों के लिए जाना जाता है।

उनकी कुछ मशहूर फिल्मों में ‘आहा ना पेल्लंता!’, ‘प्रतिघटना’, ‘कैदी नंबर 786’, ‘शिवा’ और ‘यमलीला’ शामिल हैं, जिन्हें दर्शक आज भी देखना पसंद करते हैं। भारतीय सिनेमा में उनके अमूल्य योगदान के लिए उन्हें 2015 में देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म श्री से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा, उन्हें नौ नंदी पुरस्कारों सहित कई अन्य सम्मान भी प्राप्त हुए थे।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने जताया गहरा शोक

कोटा श्रीनिवास राव के निधन पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर ट्वीट करते हुए लिखा, “प्रख्यात अभिनेता… कोटा श्रीनिवास राव गरु के निधन से गहरा सदमा पहुंचा है। फिल्म उद्योग के लिए, उनका न होना एक अपूरणीय क्षति है। हालाँकि कोटा गरु अब शारीरिक रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उन्होंने जो विविध भूमिकाएं निभाईं, उनके माध्यम से वे तेलुगु लोगों के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगे। ईश्वर से प्रार्थना है कि उनकी आत्मा को शांति मिले… मैं उनके परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।”

Also Read: राष्ट्रपति ने राज्यसभा के लिए उज्ज्वल निकम, हर्षवर्धन श्रृंगला समेत चार सदस्यों को किया मनोनीत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.