ज्योति मौर्य केस में नया मोड़, पति आलोक मौर्य ने मांगा गुजारा भत्ता, हाईकोर्ट ने भेजा नोटिस

Sandesh Wahak Digital Desk: अपने कथित अफेयर को लेकर देशभर में सुर्खियों में रहीं महिला पीसीएस अधिकारी ज्योति मौर्य के मामले में एक नया मोड़ आ गया है। इस बार उनके सफाई कर्मी पति आलोक मौर्य ने इलाहाबाद हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। आलोक ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर अपनी अफसर पत्नी से गुजारा भत्ता (Maintenance Allowance) की मांग की है।

मेरी पत्नी मुझसे ज्यादा कमाती है, मुझे गुजारा भत्ता चाहिए

आलोक मौर्य ने अपनी याचिका में दलील दी है कि उनकी पत्नी ज्योति मौर्य एक पीसीएस अधिकारी हैं और उनकी आमदनी आलोक से कहीं ज्यादा है। आलोक का कहना है कि उनकी बेहद कम आमदनी के कारण उन्हें अपना जीवनयापन करने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए, उन्होंने कोर्ट से मांग की है कि जब तक उनका वैवाहिक केस चल रहा है, तब तक उनकी पत्नी से उन्हें गुजारा भत्ता दिलाया जाए। पति की इस याचिका पर इलाहाबाद हाईकोर्ट के जस्टिस अरिंदम सिन्हा और डॉ. वाईके श्रीवास्तव की बेंच ने ज्योति मौर्य को नोटिस जारी किया है।

8 अगस्त को होगी अगली सुनवाई

यह देखना दिलचस्प होगा कि हाईकोर्ट इस मामले पर क्या रुख अपनाता है। इससे पहले, आलोक मौर्य ने गुजारा भत्ता की मांग को लेकर पारिवारिक अदालत में भी अर्जी दाखिल की थी, लेकिन वहां से उनकी अर्जी खारिज हो गई थी। इसी के बाद उन्होंने हाईकोर्ट का रुख किया। अब इस मामले की अगली सुनवाई 8 अगस्त को होगी, जिस पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।

क्या है ज्योति मौर्य-आलोक मौर्य विवाद

आपको बता दें कि प्रयागराज के धूमनगंज थाना क्षेत्र के झलवा के रहने वाले आलोक कुमार मौर्य की पंचायती राज विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर 2009 में नियुक्ति हुई थी। साल 2010 में उनका विवाह वाराणसी के चिरईगांव की रहने वाली ज्योति मौर्य से हुआ था। शादी के बाद ज्योति ने आगे पढ़ने की इच्छा जताई और पति आलोक मौर्य ने उन्हें इलाहाबाद में सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करवाई। साल 2016 में ज्योति मौर्य का उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की पीसीएस परीक्षा में 16वें स्थान पर एसडीएम पद के लिए चयन हो गया। इसके बाद उनके रिश्तों में दरार आने और कथित अफेयर को लेकर यह मामला सुर्खियों में आया था। अब इस नए घटनाक्रम ने मामले को एक बार फिर गरमा दिया है।

Also Read: CBI अधिकारी बनकर रिटायर्ड वैज्ञानिक से 1.29 करोड़ की ठगी, लखनऊ से दो शातिर गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.