UP में पतंजलि, अशोक समेत कई बड़े ब्रांडों के मसाले और सॉस असुरक्षित, बिक्री पर लगी रोक

UP Food Safety Action: त्योहारों के मौसम में रसोई में इस्तेमाल होने वाले मसालों और सॉस की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। उत्तर प्रदेश में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की प्रयोगशाला जांच में कई नामी ब्रांडों के खाद्य उत्पाद असुरक्षित पाए गए हैं। इनमें पतंजलि (Patanjali) का सब्जी मसाला, रुचि का धनिया पाउडर, अशोक की लाल मिर्च और टॉप गोल्डन ब्रांड का सॉस शामिल है। जांच रिपोर्ट के आधार पर इन उत्पादों की बिक्री पर रोक लगा दी गई है।

नामी ब्रांडों के उत्पादों को लेकर सामने आई इस कार्रवाई ने बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला सिर्फ किसी एक शहर तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश के अलग-अलग बाजारों में इन उत्पादों की उपलब्धता और निगरानी को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।

बिक्री पर रोक से व्यापारियों का कारोबार प्रभावित

सरकारी कार्रवाई का असर दुकानदारों के कारोबार पर भी पड़ रहा है। व्यापारियों का कहना है कि किसी ब्रांडेड कंपनी के उत्पाद पर रोक लगने के बाद उन्हें भी उसकी बिक्री बंद करनी पड़ती है। ऐसे सामान को ग्राहकों को देना बंद कर दिया जाता है और कंपनी को वापस भेजने की कोशिश की जाती है।

दुकानदार राजेंद्र अग्रवाल के मुताबिक, ब्रांडेड सामान होने के कारण उसकी बिक्री पर रोक का असर कारोबार पर पड़ता है, लेकिन सरकार के आदेश के बाद व्यापारी भी ऐसे उत्पाद नहीं बेचते। उनका कहना है कि जनता की सेहत को ध्यान में रखकर सरकार इस तरह के फैसले लेती है।

एक्सपायरी और खराब सामान पर भी कार्रवाई की मांग

उपभोक्ताओं का कहना है कि त्योहारों के दौरान मसालों और दूसरे खाद्य पदार्थों की खरीदारी बढ़ जाती है। ऐसे में बाजारों में लगातार जांच होनी चाहिए। सिर्फ नामी ब्रांड ही नहीं, बल्कि एक्सपायरी और खराब गुणवत्ता वाले सामान की बिक्री पर भी रोक लगनी चाहिए।

हर्षवर्धन ने बताया कि उन्होंने नामी ब्रांडों के खाद्य उत्पादों के जांच में असुरक्षित मिलने की खबर देखी है। उनके मुताबिक, त्योहारों में लोग बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री खरीदते हैं, इसलिए अधिकारियों को बाजारों में नियमित जांच करनी चाहिए।

झांसी में त्योहार के बाद होगी इन उत्पादों की जांच?

इस पूरे मामले में झांसी में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। जब स्थानीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी से इस संबंध में मौखिक जानकारी ली गई तो उन्होंने कहा कि फिलहाल झांसी में इन उत्पादों को लेकर ऐसी कार्रवाई नहीं हुई है। विभाग अभी त्योहार के मद्देनजर मिठाइयों की जांच कर रहा है। त्योहार समाप्त होने के बाद मसालों और सॉस की भी जांच की जाएगी।

ऐसे में सवाल है कि जब प्रदेश में कई नामी ब्रांडों के उत्पाद प्रयोगशाला जांच में असुरक्षित पाए गए हैं, तो झांसी में इनकी जांच के लिए त्योहार खत्म होने का इंतजार क्यों किया जा रहा है? फिलहाल जिले के उपभोक्ताओं को खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई का इंतजार है।

Also Read: अमेठी में दीपावली से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, मिठाइयों पर नहीं मिली यूज बाई डेट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.