मुंबई की आर्थर रोड जेल में गैंगस्टर प्रसाद पुजारी पर हमला, 7 कैदियों पर मामला दर्ज
Sandesh Wahak Digital Desk: मुंबई की हाई-सिक्योरिटी वाली आर्थर रोड सेंट्रल जेल एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार खबर है कि यहां बंद कुख्यात गैंगस्टर प्रसाद पुजारी पर जेल के भीतर ही कथित तौर पर हमला हुआ है। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए मुंबई पुलिस ने प्रसाद पुजारी सहित कुल 7 कैदियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
दो गुटों में झगड़ा, फिर हुई मारपीट
पुलिस के मुताबिक, जेल के अंदर दो अलग-अलग गुटों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा इतना बढ़ गया कि बात मारपीट तक जा पहुंची। जेल प्रशासन ने इस घटना की सूचना तुरंत एनएम जोशी पुलिस थाने में दी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 194(2) के तहत दंगा और मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिन सात कैदियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, उनमें इरफान रहीम खान, शुऐब खान उर्फ भूर्या, अयूब अनुमुद्दीन शेख, मुकेश सीताराम निषाद, लोकेन्द्र उदयसिंह रावत, सिद्धेश संतोष भोसले और गैंगस्टर प्रसाद विट्ठल पुजारी का नाम शामिल है।
सुरक्षा पर उठे सवाल, आंतरिक जांच शुरू
हालांकि, पुलिस और जेल प्रशासन दोनों ने साफ किया है कि इस आपसी झगड़े में किसी भी कैदी को कोई गंभीर चोट नहीं आई है, फिर भी इस घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद जेल के अंदर ऐसी मारपीट कैसे हुई? जेल प्रशासन ने इस पूरे मामले को लेकर एक आंतरिक जांच शुरू कर दी है।
कौन है प्रसाद पुजारी
प्रसाद पुजारी का नाम अंडरवर्ल्ड से जुड़ा रहा है। वह लगभग दो दशकों से फरार था और अपनी पत्नी के साथ चीन में रह रहा था। 2008 में उसके ट्रैवल वीजा की अवधि खत्म हो गई थी, लेकिन वह चीन में ही रुका रहा। लंबे समय तक भारत से दूर रहने के बाद, उसे आखिरकार मार्च 2024 में चीन से भारत लाया गया था और फिलहाल वह आर्थर रोड जेल में बंद है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसका पूरा नाम प्रसाद उर्फ सुभाष विट्ठल पुजारी उर्फ सिद्धार्थ शेट्टी उर्फ सिद्धू उर्फ सिड उर्फ जॉनी है।
Also Read: यूक्रेन युद्ध पर फिर बोले- किम जोंग-उन, रूस को हमारा पूरा समर्थन

