मामूली कार की टक्कर पर महिला ने युवक को पीटा, गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी से सटे ग्रेटर नोएडा वेस्ट की आम्रपाली लेजर पार्क सोसाइटी के गेट पर देर रात एक चौंकाने वाला रोडरेज का मामला सामने आया है। एक मामूली सी कार टक्कर के बाद गुस्साई एक महिला ने सरेआम एक युवक के साथ मारपीट कर डाली। इस घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

यह घटना उस समय हुई जब पीड़ित युवक अपने ऑफिस से लौटकर सोसाइटी में घुस रहा था। पीछे से आ रही महिला की कार ने उसकी गाड़ी को हल्की सी टक्कर मार दी। आमतौर पर ऐसी मामूली टक्करों पर लोग बात करके मामला सुलझा लेते हैं, लेकिन यहां बात इतनी बढ़ गई कि महिला ने न केवल युवक को गालियां दीं, बल्कि उस पर हमला भी कर दिया।

वायरल वीडियो बना सबूत

मौके पर मौजूद किसी शख्स ने इस पूरे हंगामे का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया। वायरल वीडियो के आधार पर बिसरख कोतवाली पुलिस हरकत में आई और आरोपी महिला को तुरंत हिरासत में ले लिया गया। उसकी कार को भी जब्त कर लिया गया है। बिसरख कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पीड़ित युवक की लिखित शिकायत पर आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।

Also Read: अगर दुनिया भारी लगे… तो बच्चों की ओर देखिए- एक उम्मीद भरी नज़र से

Get real time updates directly on you device, subscribe now.