वाराणसी-बलिया मार्ग होगा 60 फीट से ज्यादा चौड़ा, CM योगी ने दिए निर्देश
Sandesh Wahak Digital Desk: वाराणसी-बलिया राष्ट्रीय राजमार्ग को चौड़ा करने की तैयारी शुरू हो गई है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने इसके लिए सर्वे कार्य शुरू कर दिया है। सड़क को 60 फीट से अधिक चौड़ा बनाने के लिए दोनों तरफ 11.5-11.5 मीटर जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। साथ ही, सड़क के बीच में डिवाइडर भी बनाया जाएगा। प्रभावित निजी भूमि मालिकों को उचित मुआवजा दिया जाएगा।
यह प्रोजेक्ट महराजगंज से शुरू होकर रौजा-जंगीपुर तक फैला हुआ है। सड़क के दोनों ओर 11.5-11.5 मीटर जगह लेकर इसे चौड़ा किया जाएगा। इसके लिए PWD विभाग सर्वे कर रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कितनी जमीन सरकारी है और कितनी निजी मालिकों से लेनी पड़ेगी। जहाँ भी निजी जमीन ली जाएगी, वहाँ मुआवजा दिया जाएगा।
इस प्रोजेक्ट की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर हुई है। उन्होंने हाल ही में एक समीक्षा बैठक में शहर की सड़कों को चौड़ा करने का आदेश दिया था। इसके बाद PWD ने वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन के साथ-साथ अन्य मार्गों पर भी नापजोख शुरू कर दी है।
150 करोड़ से अधिक का होगा खर्च
इस प्रोजेक्ट पर निर्माण कार्य के लिए लगभग 150 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जबकि जमीन अधिग्रहण और मुआवजे पर भी अलग से बड़ी राशि लगेगी। सड़क किनारे लगे बिजली के खंभों को भी हटाया जाएगा। चौड़ीकरण के दौरान महाराजगंज, लंका, विशेश्वरगंज, सकलेनाबाद और जंगीपुर के कई भवन प्रभावित होंगे। अगर ये भवन सरकारी जमीन पर बने हैं, तो मुआवजा नहीं मिलेगा, लेकिन निजी जमीन होने पर मुआवजा दिया जाएगा।
दो चरणों में होगा काम
पहला चरण: वाराणसी फोरलेन से महराजगंज, भुतहिया टांड, विकास भवन चौराहा, अस्पताल, सिंचाई विभाग चौराहा होते हुए कलक्ट्रेट तक।
दूसरा चरण: भुतहिया टांड से लंका, विशेश्वरगंज, रौजा, जमानियां मोड़ होते हुए जंगीपुर तक।
PWD के अधिशासी अभियंता बीएल गौतम ने बताया कि पहले विभागीय सर्वे होगा, फिर राजस्व विभाग की टीम जमीन का निरीक्षण करेगी। निजी भूमि लेने पर मुआवजा दिया जाएगा। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद वाराणसी-बलिया मार्ग पर यातायात और सुगम होगा, जिससे आवाजाही में आसानी होगी।
Also Read: Lucknow News : मणिपुर में उग्रवादियों के खिलाफ बड़ा अभियान, 10 गिरफ्तार

